Birthday Spacial : 52 साल की काजोल, DDLJ से 'महारागनी' तक जानिए उनके शानदार फिल्मी सफर की कहानी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल आज 52 वर्ष की हो गईं। 'बाजीगर', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'कुछ कुछ होता है' और 'फना' जैसी सुपरहिट फिल्मों से पहचान बनाने वाली काजोल के फिल्मी सफर, पुरस्कारों, परिवार और आगामी फिल्म 'महारागनी: क्वीन ऑफ क्वींस' के बारे में जानिए।

मुंबई। बॉलीवुड की लोकप्रिय और प्रतिभाशाली अभिनेत्री काजोल आज अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी बेहतरीन अदाकारी, दमदार किरदारों और शानदार फिल्मों के दम पर काजोल ने हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई है। चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने रोमांस, ड्रामा, थ्रिलर और पारिवारिक फिल्मों में यादगार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है।

फिल्मी परिवार से मिली अभिनय की विरासत

5 अगस्त 1974 को मुंबई में जन्मीं काजोल के पिता सोमू मुखर्जी फिल्म निर्माता और मां तनुजा हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री हैं। फिल्मी माहौल में पली-बढ़ीं काजोल ने बचपन से ही अभिनय का सपना देखा और उसे अपनी मेहनत से सच कर दिखाया।

'बेखुदी' से शुरू हुआ सफर, 'बाजीगर' ने दिलाई पहचान

काजोल ने साल 1992 में फिल्म 'बेखुदी' से बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि यह फिल्म सफल नहीं रही, लेकिन 1993 में रिलीज हुई 'बाजीगर' ने उन्हें नई पहचान दिलाई। शाहरुख खान के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों की पहली पसंद बन गई।

'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' ने बनाया सुपरस्टार

1995 में रिलीज हुई 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे (DDLJ)' काजोल के करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हुई। शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे सफल और लोकप्रिय जोड़ियों में शामिल हो गई।

कई यादगार फिल्में और रिकॉर्ड

काजोल ने अपने करियर में 'करण अर्जुन', 'कुछ कुछ होता है', 'कभी खुशी कभी ग़म', 'फना', 'माय नेम इज़ खान', 'दिलवाले', 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर', 'दो पत्ती', 'सरजमीन' और 'मां' जैसी कई चर्चित फिल्मों में शानदार अभिनय किया। फिल्म 'गुप्त' में नकारात्मक भूमिका निभाने के लिए वह फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ खलनायक पुरस्कार जीतने वाली हिंदी सिनेमा की पहली अभिनेत्री बनीं। 1999 में काजोल ने अभिनेता अजय देवगन से शादी की। शादी के बाद उन्होंने फिल्मों से कुछ समय का ब्रेक लिया, लेकिन 2006 में 'फना' के साथ शानदार वापसी की और एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया। भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2011 में काजोल को पद्मश्री से सम्मानित किया।

आने वाली फिल्म

काजोल जल्द ही एक्शन थ्रिलर 'महारागनी: क्वीन ऑफ क्वींस' में नजर आएंगी, जिसमें उनका बिल्कुल नया और दमदार अवतार देखने को मिलेगा। अपनी शानदार अभिनय क्षमता, बेहतरीन फिल्मों और यादगार किरदारों के दम पर काजोल आज भी बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा अभिनेत्रियों में शुमार हैं।

ये भी पढ़े : 
'मेरा काम अभी पूरा नहीं हुआ...' lifetime achievement award ठुकराने वाले नसीरुद्दीन शाह का बाराबंकी से है खास रिश्ता

संबंधित समाचार