मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित लाइव-एक्शन फिल्म ‘मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स’ अब ओटीटी पर दर्शकों के लिए उपलब्ध है। ट्रैविस नाइट के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने सिनेमाघरों के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी शानदार एंट्री की है। 5 जून 2026 को अमेरिकी सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद यह फिल्म 22 जुलाई 2026 से भारत में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। इसके साथ ही भारतीय दर्शकों को भी घर बैठे इस बहुचर्चित फिल्म का आनंद लेने का मौका मिल गया है।

ओटीटी रिलीज के तुरंत बाद फिल्म सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। खासकर X (पूर्व में ट्विटर) पर दर्शकों ने इसके विजुअल इफेक्ट्स, दमदार एक्शन सीक्वेंस और निकोलस गैलिट्जिन के प्रभावशाली अभिनय की जमकर तारीफ की है। कई दर्शकों का कहना है कि फिल्म ने क्लासिक 'ही-मैन' की दुनिया को आधुनिक तकनीक और भव्य प्रस्तुति के साथ बड़े प्रभावशाली अंदाज में पर्दे पर उतारा है। फिल्म की कहानी प्रिंस एडम के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वर्षों पहले मिली स्वॉर्ड ऑफ पावर की बदौलत ही-मैन बनने की शक्ति प्राप्त करता है। शक्ति की तलवार मिलने के पंद्रह वर्ष बाद उसे अपने गृह-ग्रह एटेर्निया लौटना पड़ता है, जहां खलनायक स्केलेटर का शासन स्थापित हो चुका है। अपने साथियों टीला और डंकन के सहयोग से एडम को अपनी असली पहचान स्वीकार करनी होती है। इसके बाद वह ही-मैन बनकर न केवल अपने ग्रह को आजाद कराने बल्कि अपने प्रियजनों और राज्य की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष करता है।

फिल्म में निकोलस गैलिट्जिन ने प्रिंस एडम/ही-मैन की भूमिका निभाई है, जबकि जेरेड लेटो खतरनाक विलेन स्केलेटर के किरदार में नजर आते हैं। कैमिला मेंडेस ने टीला, इदरीस एल्बा ने डंकन (मैन-एट-आर्म्स), एलिसन ब्री ने इविल लिन, मोरेना बैकारिन ने सॉर्सरेस, जेम्स प्योरफॉय ने किंग रैंडोर, शार्लेट राइली ने क्वीन मार्लेना और जोहान्स हॉकर जोहानसन ने फिस्टो की भूमिका निभाई है।

‘मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स’ का निर्माण अमेज़न MGM स्टूडियोज ने मैटेल स्टूडियोज और एस्केप आर्टिस्ट्स के सहयोग से किया है। फिल्म का संगीत डैनियल पेम्बरटन ने तैयार किया है, जो कहानी के रोमांच और भावनात्मक दृश्यों को और प्रभावशाली बनाता है। यदि आप फैंटेसी, सुपरहीरो और एडवेंचर फिल्मों के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपकी वॉचलिस्ट में जरूर शामिल होनी चाहिए।
 

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज