नए अंदाज में लौट रहा है ज्ञान का मंच
अमिताभ बच्चन का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) अपने 18 वें सीजन के साथ वापसी कर रहा है। शो की शूटिंग 1 अगस्त 2026 से मुंबई की फिल्म सिटी में शुरू होगी, जबकि इसके 10 अगस्त से प्रसारित होने की संभावना है। लंबे समय से दर्शक इस नए सीजन का इंतजार कर रहे थे। इस बार शो की थीम “इस बार... सोचना पड़ेगा” रखी गई है। नए सीजन में केवल सामान्य ज्ञान ही नहीं, बल्कि सही विश्लेषण और तार्किक सोच पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। प्रतियोगियों को जवाब देने से पहले प्रश्न को अच्छी तरह समझने और सोच-समझकर निर्णय लेने का संदेश दिया जाएगा।
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन द्वारा जारी नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन गोल्फ खेलते नजर आते हैं। प्रोमो के जरिए यह संदेश दिया गया है कि जीवन की तरह हर सवाल में भी जल्दबाजी के बजाय धैर्य और समझदारी जरूरी है। अमिताभ बताते हैं कि पहला जवाब हमेशा सही नहीं होता, इसलिए फैसला सोच-विचार कर लेना चाहिए। नई थीम और बदले हुए अंदाज के साथ KBC-18 एक बार फिर ज्ञान और मनोरंजन का शानदार संगम लेकर दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है।
