Pilibhit News : पीलीभीत में व्यापारियों की सियासत के दिग्गजों पर भारी पड़ा जनादेश, अग्रवाल सभा चुनाव ने बदल दिए समीकरण!

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बने पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजीव अग्रवाल

करीब 56 फीसदी मतदान के बाद मंगलवार देर रात तक चली मतगणना में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला रहा। राजीव अग्रवाल टीटी ने 715 यानी 44.52 प्रतिशत मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने मतगणना के चारों राउंड में लगातार बढ़त बनाए रखी और किसी भी चरण में उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल कुमार अग्रवाल मुकाबले में बढ़त नहीं बना सके।

वैभव शुक्ला, पीलीभीत 

 : श्रीअग्रवाल सभा (पंजी.) के चुनावी नतीजों ने शहर की व्यापारिक और सामाजिक सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। व्यापारिक संगठनों के प्रभावशाली पदाधिकारी मैदान में थे, लेकिन मतदाताओं ने पद, प्रतिष्ठा और संगठनात्मक ताकत से अधिक भरोसे, सक्रियता और व्यक्तिगत संपर्क को महत्व दिया। अध्यक्ष पद पर पूर्व पालिकाध्यक्ष राजीव अग्रवाल उर्फ टीटी और महामंत्री पद पर राजेश अग्रवाल बिचले ने शानदार जीत दर्ज कर नई कार्यकारिणी की कमान संभाल ली। दोनों ने पूरे चुनाव के दौरान अपने प्रतिद्वंद्वियों को वापसी का मौका तक नहीं दिया।

चारों राउंड में बरकरार रही बढ़त  


करीब 56 फीसदी मतदान के बाद मंगलवार देर रात तक चली मतगणना में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला रहा। राजीव अग्रवाल टीटी ने 715 यानी 44.52 प्रतिशत मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने मतगणना के चारों राउंड में लगातार बढ़त बनाए रखी और किसी भी चरण में उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अतुल कुमार अग्रवाल मुकाबले में बढ़त नहीं बना सके।

अतुल को 511  मत  मिले, जबकि शैली अग्रवाल 380 मत यानी 23.66 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर शैली अग्रवाल का तीसरे स्थान पर रहना माना जा रहा है। वह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष होने के साथ सर्राफा एसोसिएशन के जिला महामंत्री भी हैं। व्यापारिक जगत में मजबूत पकड़ और प्रभावशाली छवि के बावजूद वह मतदाताओं का भरोसा नहीं जीत सके। 

एकतरफा रहा चुनाव 

महामंत्री पद पर मुकाबला अपेक्षा से कहीं अधिक एकतरफा रहा। राजेश अग्रवाल बिचले ने पहले राउंड से बनाई बढ़त को अंतिम राउंड तक लगातार बढ़ाया। उन्हें 1,029 यानी 66.56 प्रतिशत मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभिषेक अग्रवाल को 517 मत ही मिल सके। अभिषेक अग्रवाल भी शहर के प्रमुख व्यापारी नेताओं में शुमार हैं। वह भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हैं और मुखर व्यापारी नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। 

जीत के मजबूत दावेदार हारे 

चुनाव से पहले उन्हें जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन मतगणना शुरू होने के बाद वह किसी भी राउंड में बिचले की बढ़त को चुनौती नहीं दे सके। अन्य पदों पर भी मतदाताओं ने स्पष्ट जनादेश दिया। उपाध्यक्ष पद पर नीरज अग्रवाल उर्फ सोनू महातिया ने 1,067 मत प्राप्त कर वैभव अग्रवाल को 479 मतों से पीछे छोड़ दिया। उपमंत्री पद पर पल्लव अग्रवाल ने 839 मत हासिल कर जीत दर्ज की। 

प्रतीक अग्रवाल उर्फ टिन्नी को 534 और प्रयांश अग्रवाल को 186 मत मिले। टिन्नी नगर पालिका के नामित सभासद भी हैं। कोषाध्यक्ष पद पर अंकुर अग्रवाल ने 815 मत प्राप्त कर लव अग्रवाल को 110 मतों से पराजित किया। वहीं विधिक सलाहकार पद पर रजत अग्रवाल एडवोकेट ने 826 मत प्राप्त किए, जबकि नवीन अग्रवाल को 731 और ऋषि अग्रवाल को 502 मत मिले। फिलहाल मतदान भले अपेक्षा से कम हुआ, लेकिन परिणामों ने राजनीतिक और सामाजिक संदेश दे दिए। व्यापारिक संगठनों के बड़े और चर्चित चेहरों को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। इन्हीं नतीजों को लेकर चर्चाएं होती रही। 

कार्यकारिणी में प्रिंस जिंदल रहे नंबर वन


13 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में प्रिंस जिंदल सबसे अधिक 912 मत हासिल कर पहले स्थान पर रहे। उनके बाद रचित अग्रवाल 858, आलोक अग्रवाल 749, दीप अग्रवाल 748 और त्रिलोक अग्रवाल 738 निर्वाचित हुए। इसके अलावा मुदित अग्रवाल 718, गौरव अग्रवाल 709,  शिवम अग्रवाल शिवी 705, अंकित अग्रवाल 692, सुलभ अग्रवाल 689, नीरज अग्रवाल विक्की 664, श्रीकांत अग्रवाल 663 और अश्वनी गोयल 574 भी कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। कार्यकारिणी के परिणामों में भी मतदाताओं ने कई नए और सक्रिय चेहरों को मौका देकर बदलाव का स्पष्ट संकेत दिया।

संबंधित समाचार