Stock Market Today: रेपो रेट 5.25% पर बरकरार रहने से शेयर बाजार में उत्साह, सेंसेक्स 397 अंक उछला, निफ्टी 24,677 के पार
GDP अनुमान बढ़ा, शेयर बाजार में आई जोरदार तेजी
RBI ने रेपो रेट 5.25% पर बरकरार रखते हुए GDP वृद्धि का अनुमान 6.7% और महंगाई का अनुमान 5.0% किया है। केंद्रीय बैंक के फैसले के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी के दम पर शुरुआती कारोबार में बाजार में तेजी देखने को मिली। वहीं, निवेशकों की नजरें भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसले पर टिकी हुई हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने नीतिगत रेपो रेट को 5.25% पर बरकरार रखने का फैसला किया है। RBI के इस निर्णय के बाद घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और केंद्रीय बैंक के संतुलित रुख ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।
शुरुआती कारोबार में बाजार का हाल
बीएसई सेंसेक्स 397.59 अंक की बढ़त के साथ 78,826.54 पर पहुंचा। एनएसई निफ्टी 62.70 अंक चढ़कर 24,677.60 पर कारोबार करता दिखा। इंटरग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और बजाज फिनसर्व के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। सन फार्मा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), टाइटन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर शुरुआती कारोबार में लाल निशान में रहे।
गवर्नर संजय मल्होत्रा ने क्या कहा?
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया सहित कई क्षेत्रों में जारी अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI), विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) और बैंकिंग प्रणाली में ऋण प्रवाह बेहतर स्थिति में है, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में मदद मिल रही है।
वही, RBI ने कहा कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत है, जो लगभग 10 महीने के आयात और 91% विदेशी कर्ज के भुगतान के लिए पर्याप्त है। साथ ही, केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया कि वह विदेशी मुद्रा बाजार में अनावश्यक उतार-चढ़ाव पर नजर बनाए रखेगा और जरूरत पड़ने पर हस्तक्षेप करेगा।
एशियाई बाजारों से भी मिला समर्थन
दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लगभग 4% चढ़ा।जापान का निक्की 225 करीब 3% मजबूत रहा।चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार भी मंगलवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.16% गिरकर 78.44 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे बाजार की धारणा को सकारात्मक समर्थन मिला। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को 2,446.47 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। बाजार की नजर अब RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसले पर है, जिससे आगे की दिशा तय होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े : MPC Announcement: RBI का बड़ा फैसला, Repo Rate 5.25% पर बरकरार, होम-ऑटो लोन की EMI में फिलहाल कोई बदलाव नहीं
