UP Weather Alert: यूपी में बारिश का कहर जारी, उफान पर नदियां, कई जिले बाढ़ की चपेट में, बलिया में बहा स्कूल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

आईएमडी ने गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। तराई से लेकर पूर्वांचल तक नदियां उफान पर हैं, जबकि कई गांव बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा समेत कई शहरों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश दर्ज होने की संभावना है।

तराई और पूर्वांचल में बाढ़ का संकट गहराया

लगातार हो रही बारिश और विभिन्न बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। सीतापुर में बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद शारदा और घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

बस्ती में सरयू, बलरामपुर में राप्ती और कुशीनगर में गंडक नदी के उफान से कई गांव जलमग्न हो गए हैं। वहीं बदायूं में गंगा, अयोध्या, बहराइच और बलिया में घाघरा, कुशीनगर में गंडक तथा बागपत और नोएडा में हिंडन नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

बलिया में स्कूल बहा, लखीमपुर में मगरमच्छ से दहशत

बलिया जिले में सरयू नदी की बाढ़ के चलते एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय बह गया। वहीं लखीमपुर खीरी के एक गांव में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उधर बलिया के दोहरीघाट क्षेत्र में नहर का तटबंध टूटने से हजारों बीघे धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, सीतापुर, कानपुर, महोबा, जालौन, बांदा, चित्रकूट, आगरा, अलीगढ़ और संभल सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

राजधानी लखनऊ में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

30 जुलाई के बाद कुछ दिनों के लिए कमजोर पड़ सकता है मानसून

आईएमडी के अनुसार मानसून ट्रफ फिलहाल सामान्य स्थिति में बना हुआ है, जिससे प्रदेश में बारिश जारी है। हालांकि 30 जुलाई के बाद कुछ दिनों तक मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। शुक्रवार को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

2 अगस्त से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून

मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 अगस्त से मानसून दोबारा मजबूत हो सकता है। इसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर भारी बारिश का दौर लौटने की संभावना है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ेंः Railway Jobs: 12 साल में भारतीय रेलवे ने दीं 5.56 लाख नौकरियां, संसद में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साझा किए बड़े आंकड़े

संबंधित समाचार