चिप्पा सुधाकर : उपस्थिति का भूगोल, स्मृति और बदलते भू-दृश्य
भारतीय समकालीन कला में कुछ कलाकार ऐसे हैं, जिन्होंने माध्यमों की सीमाओं से आगे बढ़कर अपनी विशिष्ट दृश्य-भाषा विकसित की है। चिप्पा सुधाकर उन्हीं कलाकारों में हैं। चित्रकला, प्रिंटमेकिंग, टेराकोटा, लकड़ी और मिश्रित माध्यमों में काम करते हुए, उन्होंने ऐसी कलाभाषा विकसित की है, जिसका केंद्र केवल सौंदर्य नहीं, बल्कि बदलते भू-दृश्य, प्रवासन, स्मृति और मनुष्य की उपस्थिति है। हैदराबाद में जन्मे सुधाकर ने जेएनटीयू से कला शिक्षा प्राप्त करने के बाद महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा से प्रिंटमेकिंग में उच्च अध्ययन किया। लगभग तेरह वर्षों तक प्रिंटमेकिंग का अध्यापन भी किया, जिसका प्रभाव उनकी पूरी कला-दृष्टि पर स्पष्ट दिखाई देता है।

भारतीय कला के इतिहास पर दृष्टि डालें तो स्पष्ट होता है कि यहां कला का विकास प्रायः धर्मसत्ता और राज्यसत्ता के संरक्षण में हुआ। मंदिरों की मूर्तिकला, बौद्ध भित्तिचित्र, जैन पांडुलिपियां और दरबारी चित्रकला अपनी कलात्मक ऊंचाइयों के बावजूद सामान्य जनजीवन को बहुत कम स्थान देती हैं। औपनिवेशिक काल में कंपनी शैली और कालीघाट चित्रशैली ने पहली बार दैनिक जीवन को चित्रों का विषय बनाया, जबकि चित्तोप्रसाद, जैनुल आबेदीन और सोमनाथ होर जैसे कलाकारों ने अकाल, विस्थापन और मानवीय पीड़ा को कला के केंद्र में स्थापित किया। बाद की समकालीन कला में अनेक वैचारिक प्रयोग हुए, पर सामान्य मनुष्य की प्रत्यक्ष उपस्थिति अपेक्षाकृत कम होती गई।
इसी संदर्भ में चिप्पा सुधाकर की कला विशेष महत्त्व ग्रहण करती है। वे आम आदमी को किसी राजनीतिक घोषणापत्र या करुणा के विषय के रूप में नहीं, बल्कि उसकी सहज गरिमा के साथ प्रस्तुत करते हैं। उनके कैनवास पर साइकिल से जाता व्यक्ति, उसी पर बैठा पूरा परिवार, बकरी के साथ चलती स्त्री, बस या नाव में यात्रा करते लोग किसी नाटकीय कथा के पात्र नहीं हैं। वे अपने समय, अपने परिवेश और अपने भूगोल में स्वाभाविक रूप से उपस्थित मनुष्य हैं। सुधाकर की कला की शक्ति इसी साधारणता में निहित है। वे जीवन को असाधारण बनाने का प्रयास नहीं करते; बल्कि साधारण जीवन की मौन गरिमा को दृश्य रूप देते हैं।
मैं उन लोगों में हूं जो कलाकृतियों को उनके शीर्षकों के आधार पर समझने का पक्षधर नहीं हैं। चित्र स्वयं एक स्वतंत्र दृश्य-भाषा है, जिसकी अपनी व्याकरण और संवेदना होती है। इसलिए किसी भी कलाकृति को पहले देखना चाहिए, उसके बाद उसके शीर्षक या कलाकार के वक्तव्य की ओर जाना चाहिए। इस दृष्टि से चिप्पा सुधाकर की कला विशेष उल्लेखनीय है। उनके चित्र बिना किसी भाषाई सहारे भी दर्शक से संवाद स्थापित कर लेते हैं। किंतु टोपोग्राफी ऑफ बिलॉगिंग (अपनेपन के भू-दृश्य), काउंटर्स ऑफ मैमोरी (स्मृति की रूपरेखाएं) और विशेष रूप से द जियोग्राफी प्रेजेंस (उपस्थिति का भूगोल) जैसे शीर्षक उस दृश्य अनुभूति का विस्तार करते हैं। वे चित्रों पर अर्थ आरोपित नहीं करते, बल्कि दर्शक के सामने एक व्यापक वैचारिक क्षितिज खोलते हैं।
द जियोग्राफी प्रेजेंस वस्तुतः चिप्पा सुधाकर की कला का केंद्रीय भाव है। उनके यहां भूगोल केवल स्थान नहीं, बल्कि मनुष्य के अस्तित्व, स्मृति और सामाजिक संबंधों का रूपक बन जाता है। उनके चित्र किसी घटना का आख्यान नहीं रचते, बल्कि मनुष्य की उपस्थिति को उसके परिवेश में दर्ज करते हैं। सड़क, नाव, साइकिल या धरती केवल दृश्य तत्व नहीं रह जाते; वे जीवन, प्रवासन, स्मृति और अपनेपन के संकेत बन जाते हैं।
प्रिंटमेकिंग का उनका प्रशिक्षण उनकी कला को एक विशिष्ट दृश्य-संरचना प्रदान करता है। छापाचित्र की परंपरा में चित्र-पटल का प्रत्येक भाग समान रूप से महत्त्वपूर्ण माना जाता है। यही कारण है कि उनकी कृतियों में जहाँ मनुष्य अनुपस्थित भी है, वहां टेराकोटा, लकड़ी और मिश्रित माध्यमों से निर्मित सतहें, रेखाएं और बनावटें दर्शक को देर तक बांधे रखती हैं। वे केवल सजावटी संरचनाएं नहीं, बल्कि समय, श्रम और स्मृति के दृश्य अभिलेख प्रतीत होती हैं। वहां अनुपस्थित मनुष्य भी अपने छोड़े हुए चिह्नों के माध्यम से उपस्थित रहता है।
चिप्पा सुधाकर की कला का महत्त्व केवल इस बात में नहीं है कि वह साधारण मनुष्य का चित्रण करती है, बल्कि इस बात में है कि वह मनुष्य, भू-दृश्य और स्मृति के संबंधों को एक साझा दृश्य-व्याकरण में रूपांतरित कर देती है। उनके यहां भूगोल केवल स्थान नहीं, अनुभव है; स्मृति केवल अतीत नहीं, वर्तमान की सक्रिय उपस्थिति है। यही विशेषता उन्हें भारतीय समकालीन कला में एक विशिष्ट और सार्थक स्थान प्रदान करती है।
