CWG में ब्रॉन्ज़ जीतकर लौटीं उन्नति शर्मा का भव्य स्वागत, बोलीं- अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक में गोल्ड
कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) में जूडो की 63 किग्रा स्पर्धा में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने वाली उन्नति शर्मा का देहरादून में भव्य स्वागत हुआ। उन्नति ने कहा कि अब उनका लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना है।
देहरादून, अमृत विचार। Commonwealth Games (CWG) की जूडो प्रतियोगिता में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली उत्तराखंड की होनहार खिलाड़ी उन्नति शर्मा का बुधवार को देहरादून में भव्य स्वागत किया गया। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों की 63 किलोग्राम भार वर्ग स्पर्धा में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर लौटीं उन्नति के स्वागत के लिए खेल प्रेमियों, जूडो संघ के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान उन्नति ने कहा कि उनका सपना गोल्ड मेडल जीतना था, लेकिन अब अगला लक्ष्य एशियन गेम्स और ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
दिल्ली से देहरादून पहुंचीं उन्नति, हुआ जोरदार स्वागत
पूर्व जूडो कोच सतीश शर्मा ने बताया कि उन्नति शर्मा मंगलवार को ग्लासगो से दिल्ली पहुंचीं, जहां उन्होंने केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इसके बाद बुधवार दोपहर करीब 12:20 बजे वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए उन्हें डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल ले जाया गया, जहां उनके सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने किया सम्मान
स्वागत समारोह में युवा खिलाड़ी, स्कूल के शिक्षक, खेल प्रेमी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी और उत्तराखंड सरकार के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने उन्नति शर्मा की उपलब्धि को प्रदेश और देश के लिए गौरव का क्षण बताया। कार्यक्रम के बाद वह अपने आवास के लिए रवाना हुईं।
'गोल्ड का सपना अधूरा रहा, अब एशियन गेम्स और ओलंपिक पर फोकस'
ब्रॉन्ज़ मेडल जीतने के बाद उन्नति शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना था, लेकिन सेमीफाइनल मुकाबले में मामूली चूक के कारण वह फाइनल में नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने कहा, "मेरी कोशिश थी कि मैं भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतूं, लेकिन सेमीफाइनल में थोड़ी सी चूक हो गई। इसके बाद मैंने तय कर लिया था कि ब्रॉन्ज़ मेडल लेकर ही लौटूंगी। अगली बार मेरा पूरा प्रयास गोल्ड जीतने का होगा। अब मेरा फोकस एशियन गेम्स और ओलंपिक की तैयारी पर रहेगा।"
उत्तराखंड के लिए गर्व का पल
उन्नति शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि उनकी सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
