Gen-Z के साथ पीएम मोदी का संवाद, नशे के खिलाफ देशव्यापी अभियान की शुरुआत
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान शुरू, 28 हजार से ज्यादा स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवा; हर रविवार 100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान की शुरुआत की। देशभर में आयोजित इस कार्यक्रम से 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवा जुड़े। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले युवाओं ने एक साथ नशामुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि देश एक बड़े संकल्प के लिए एकजुट हुआ है। उन्होंने 28 हजार स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं, संतों, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया।
https://twitter.com/narendramodi/status/2083795324494385362?s=20
विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा जरूरी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह अभियान केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र से जुड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत ने विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य तय किया है और इसके लिए देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वास से भरपूर और नशे जैसी घातक आदतों से दूर होना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से नशे के खतरे को समझने और इससे दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की।
‘नशे को परास्त करने वाला युवा योद्धा’
पीएम मोदी ने कहा कि हर युवा को नशे के चंगुल में फंसने से बचाना जरूरी है। उन्होंने प्रोफेसरों से भी अपने-अपने कॉलेजों में नशे के खिलाफ अभियान चलाने और युवाओं को इसकी गिरफ्त से बाहर निकालने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो युवा नशे को परास्त करके बाहर निकलता है, वह योद्धा होता है। समाज को ऐसे युवाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी युवा का ड्रग्स से जुड़ा अतीत उसकी पहचान नहीं हो सकता। नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
https://twitter.com/narendramodi/status/2083778285599895731?s=20
125 से ज्यादा संस्थाएं अभियान से जुड़ीं
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान में 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों, संस्थानों, सार्वजनिक संगठनों और औद्योगिक संघों का सहयोग लिया जा रहा है। कार्यक्रम में अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी समेत पांच प्रमुख आध्यात्मिक गुरु भी शामिल हुए।
इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। ब्रह्माकुमारीज, इस्कॉन, चिन्मय मिशन और ऑरोविले के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी इसमें भाग लिया।
100 सप्ताह तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ‘नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान’ युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव का दूत बनने के लिए प्रेरित करेगा।
यह अभियान 100 सप्ताह तक देशभर में जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। इसके तहत हर रविवार को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और समाज को इस मुहिम से जोड़ने के लिए अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
खेल से लेकर नुक्कड़ नाटक तक होंगे कार्यक्रम
अभियान के तहत देशभर में खेल प्रतियोगिताएं, वाकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल के जरिए शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक संस्थाओं, उद्योग निकायों और आध्यात्मिक संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर नशे के खिलाफ सामूहिक जनआंदोलन को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
