Ayodhya News: फिर खुलेंगी मनरेगा की बंद 17 हजार परियोजनाओं की फाइलें, रेंडम चेकिंग के बाद परियोजनाओं पर होगा काम
अयोध्या, अमृत विचार: अतीत हो चुके मनरेगा की बंद फाइलें एक बार फिर खुलेंगी। रेंडम चेकिंग के बाद परियोजनाओं की सूची बनेगी। उन पर फिर से काम शुरू कराया जाएगा। यह निर्देश शासन स्तर पर आयोजित बैठक में लिया गया है।
एक जुलाई से जिले में वीबीजी राम जी शुरू कर दी गई। अब काम शुरू कराया गया है, लेकिन मनरेगा के दौर अधूरी परियोजनाओं अभी कागजों में हैं। जी राम जी के साथ शासन की नजर उन पर भी है। बता दें कि मनरेगा की शुरूआत जिले में साल 2008 में की गई थी। तब से ऐसी लगभग 24 हजार से ज्यादा परियोजनाएं थी। जो अपूर्ण की स्थिति में रही। मनरेगा का नाम जीराम जी किए जाने की घोषणा के साथ ही उन अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने का काम शुरू किया गया था। जून तक लगभग आठ हजार परियोजनाओं को पूर्ण कराया गया लेकिन लगभग 17 हजार परियोजनाएं अब भी अपूर्ण की स्थिति में बताई गई हैं। अब शासन इनकी खोजबीन करके इनको पूरा कराने की रणनीति पर है। बताया गया है कि ऐसी परियोजनाएं जिन पर 30 फीसदी तक काम किया गया है और 70 फीसदी काम नहीं हुआ। यह अधूरी हैं। इनका पैसा खर्च नहीं हुआ है।
तीन दिन पहले शासन में उपायुक्तों सहित अन्य की बैठक में निर्देश दिया गया कि ऐसी परियोजनाओं की रेंडम चेकिंग करा ली जाए। इसके बाद इन परियोजनाओं पर काम कराया जाएगा। इनको पूरा कराया जाएगा। उपायुक्त उपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि मनरेगा की अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। अब उन परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए काम कराया जाएगा।
