शहजाद पूनावाला के 'एक्स' बायो से भाजपा का नाम गायब, पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

भाजपा प्रवक्ता ने बदला सोशल मीडिया प्रोफाइल, लिखा- प्रधानमंत्री मोदी का आजीवन अनुयायी; अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं

शहजाद पूनावाला के 'एक्स' बायो से भाजपा गायब, पार्टी छोड़ने की अटकलों ने पकड़ा जोर

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव के बाद उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। शुक्रवार को पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना बायो अपडेट किया, जिसमें भाजपा का कोई जिक्र नहीं है। हालांकि, शहजाद पूनावाला के भाजपा छोड़ने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन इस मामले पर उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

नए बायो में भाजपा का उल्लेख नहीं

अपने नए बायो में शहजाद पूनावाला ने लिखा है, "धर्म- इस्लाम, संस्कृति- हिंदू, विचारधारा- भारतीय, लेखक: जीएसटी की यात्रा; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी।" उन्होंने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर बदले हुए बायो का स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। प्रोफाइल से भाजपा का नाम हटने के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पहले भी दिए थे सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने के संकेत

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब कुछ दिन पहले ही शहजाद पूनावाला ने सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने के संकेत दिए थे। उन्होंने अपने साक्षात्कारों में कहा था कि अब सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय आ गया है। शुक्रवार को उन्होंने अपने उन पुराने साक्षात्कारों के वीडियो भी दोबारा साझा किए, जिनमें उन्होंने राजनीति से आगे की अपनी सोच को लेकर बयान दिए थे।फिलहाल पूनावाला के अगले कदम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और सभी की नजरें उनके आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें : 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामा, विपक्ष के विरोध के बाद कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

संबंधित समाचार