कानपुर में बारिश के बीच अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसा, मेट्रो निर्माण पर उठे सवाल; 7 परिवारों में मची अफरातफरी
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मेट्रो अधिकारी, शुरू की जांच
कानपुर के काकादेव स्थित पर्रकुंज अपार्टमेंट का बेसमेंट लगातार बारिश के बीच धंस गया। सात परिवारों में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मेट्रो निर्माण कार्य पर सवाल उठाए हैं। मेट्रो अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं।
अमृत विचार, कानपुर। कानपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार सुबह काकादेव के एल ब्लॉक नवीन स्थित पर्रकुंज अपार्टमेंट का बेसमेंट का हिस्सा धंस गया। अचानक हुए हादसे से अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। अपार्टमेंट में सात परिवार रहते हैं। बेसमेंट धंसने की जानकारी मिलते ही लोग बाहर निकल आए। आरोप है कि मेट्रो के कार्य की वजह से हादसा हुआ।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने मेट्रो कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर चिंता जताई। सूचना मिलने पर मेट्रो के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अपार्टमेंट का निरीक्षण शुरू किया।अधिकारियों ने बेसमेंट की स्थिति के साथ आसपास चल रहे निर्माण कार्य का भी जायजा लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के चलते अपार्टमेंट की सुरक्षा प्रभावित हुई है। फिलहाल अधिकारी मौके पर स्थिति का आकलन कर रहे हैं। अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी निगरानी की जा रही है।
