क्लास 6th से 9th के स्टूडेंट्स के लिए सुनहरा मौका! WWGC-2026 में फ्री रजिस्ट्रेशन शुरू, जीतने वाले को मिलेगी इंटरनेशनल पहचान और ट्रॉफी
लखनऊ मंडल के सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश जारी, सभी बोर्ड के छात्र ले सकते हैं भाग; विजेताओं को डिजिटल सर्टिफिकेट से ट्रॉफी तक मिलेंगे पुरस्कार।
लखनऊ। अगर आप कक्षा 6 से 9 में पढ़ते हैं और प्रकृति, वन्यजीव तथा पर्यावरण से जुड़ी चीजों में रुचि रखते हैं, तो आपके लिए शानदार अवसर है। वाइल्ड विजडम ग्लोबल चैलेंज (WWGC)-2026 के लिए नामांकन शुरू हो गए हैं। खास बात यह है कि सभी बोर्ड के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के छात्र इसमें पूरी तरह निःशुल्क हिस्सा ले सकते हैं।
अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के निर्देश पर लखनऊ मंडल के सभी माध्यमिक विद्यालयों में इस प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस साल का विषय क्या है?
लखनऊ मंडल के विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा वाइल्ड विजडम ग्लोबल चैलेंज का 19वां संस्करण शुरू किया गया है।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम है—
"An Ocean Odyssey – From the Coastline to the Seafloor"
यानी समुद्र तट से समुद्र की गहराइयों तक की जैव विविधता और समुद्री जीवन को समझना।
कौन-कौन कर सकता है भाग?
- कक्षा 6 से 9 तक के छात्र-छात्राएं
- सभी मान्यता प्राप्त बोर्ड के विद्यालय
- नामांकन पूरी तरह निःशुल्क
5 चरणों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता कुल पांच चरणों में आयोजित होगी।
- पहला चरण: जुलाई से सितंबर 2026 (ऑनलाइन)
- दूसरा चरण: सितंबर-अक्टूबर 2026 (राज्य स्तरीय, ऑनलाइन)
- तीसरा चरण: नवंबर 2026 (जोनल स्तर, ऑफलाइन)
- चौथा चरण: नवंबर 2026 (राष्ट्रीय स्तर, ऑफलाइन)
- पांचवां चरण: दिसंबर 2026 (अंतिम राष्ट्रीय स्तर, ऑनलाइन)
ई-लर्निंग सामग्री और पुरस्कार भी मिलेंगे
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को WWF (World Wide Fund for Nature) की ओर से ई-लर्निंग स्टडी मैटेरियल उपलब्ध कराया जाएगा।
हर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को डिजिटल सर्टिफिकेट, सम्मान पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
इन जिलों के स्कूलों को मिले निर्देश
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और उन्नाव के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक विद्यालय और छात्र इस प्रतियोगिता में भाग लें।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
स्कूल और विद्यार्थी प्रतियोगिता में निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।
अधिक जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिए आधिकारिक वेबसाइट उपलब्ध है।
