Kanwar Yatra 2026: हाई अलर्ट पर 2,500 पुलिसकर्मी, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, आठ प्रमुख मार्गों पर CCTV, ड्रोन निगरानी और 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती।

श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए नोएडा पुलिस ने 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। आठ प्रमुख कांवड़ मार्गों पर CCTV और ड्रोन से निगरानी की जाएगी, जबकि शिवालयों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

नोएडा। श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा के दौरान 2,500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी नोएडा और एनसीआर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

आठ प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी

पुलिस के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर जिले के आठ प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी मार्गों का पहले ही स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। नोएडा पुलिस के एकीकृत नियंत्रण कक्ष (Integrated Control Room) से राजपत्रित अधिकारी लगातार कैमरों की लाइव फुटेज पर नजर रखेंगे।

ड्रोन से होगी निगरानी, शिवालयों पर भी सुरक्षा

यात्रा के दौरान कांवड़ मार्गों के साथ-साथ प्रमुख शिवालयों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। करीब 2,500 पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे और संवेदनशील इलाकों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

कई विभाग मिलकर संभालेंगे व्यवस्था

कांवड़ यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए एक अंतर-विभागीय समिति का गठन किया गया है। इसमें स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हैं, जो यात्रा के दौरान आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।

डीजे संचालकों के लिए भी निर्देश

पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे संचालकों को निर्देश दिए हैं कि संगीत की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने लोगों से भी सहयोग और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें : 
Ballia News: छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में सरकारी शिक्षक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

संबंधित समाचार