UPSSSC परीक्षा के बाद कानपुर सेंट्रल पर उमड़ा सैलाब, AC कोचों तक परीक्षार्थियों का कब्जा; बस अड्डे पर भी पैर रखने की जगह नहीं
आरक्षित कोचों से यात्रियों को निकालने में GRP-RPF के छूटे पसीने; 20 स्पेशल बसें लगाईं गईं
मुख्य अधीनस्थ सेवा परीक्षा खत्म होने के बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेनों के एसी और आरक्षित कोचों तक में अभ्यर्थी पहुंच गए। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने पर झकरकटी बस अड्डे पर भी भीड़ जुट गई। परीक्षार्थियों के लिए 20 स्पेशल बसें चलाई गईं।
कानपुर, अमृत विचार। मुख्य अधीनस्थ सेवा परीक्षा समाप्त होते ही रविवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों के चलते स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक अफरातफरी का माहौल रहा। लखनऊ, प्रयागराज और इटावा की ओर जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। भीड़ इतनी अधिक थी कि परीक्षार्थियों ने आरक्षित और एसी कोचों तक में कब्जा जमा लिया।

AC कोच खाली कराने में GRP-RPF के छूटे पसीने
ट्रेन आते ही बड़ी संख्या में परीक्षार्थी कोचों में चढ़ गए। भीड़ के चलते कई आरक्षित कोच भी अभ्यर्थियों से भर गए। यात्रियों की शिकायत के बाद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को आरक्षित कोचों से अनधिकृत रूप से बैठे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन पर यात्रियों और परीक्षार्थियों की भारी भीड़ के चलते प्लेटफॉर्म पर भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। ट्रेन में जगह नहीं मिलने वाले परीक्षार्थियों ने बसों का रुख किया।
झकरकटी बस अड्डे पर भी उमड़ा हुजूम
कानपुर सेंट्रल से ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डे पहुंच गए। देखते ही देखते बस अड्डे पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और कई बसें पूरी तरह भर गईं।

20 स्पेशल बसों से भेजे गए परीक्षार्थी
परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज तिवारी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 20 स्पेशल बसें चलाई गईं। इन बसों को रायबरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों के लिए लगाया गया।
यह भी पढ़ेंः एक साल से जारी रामकोट की नित्य परिक्रमा... वर्षगांठ पर उमड़ा रामभक्तों का सैलाब; जयघोष से गूंज उठी अयोध्या
