Pauri News : 11 से घटकर 3 हुईं डी श्रेणी की मदें, विकास योजनाओं की प्रगति में सुधार, जानिए क्या बोले सीडीओ

Amrit Vichar Network
On

पौड़ी में योजनाओं की रफ्तार पर समीक्षा, 38 मदों में 8 ने सुधारी रैंकिंग

पौड़ी में बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा में योजनाओं की प्रगति में सुधार सामने आया है। 38 मदों में पिछले महीने 11 डी श्रेणी में थीं, जो अब घटकर तीन रह गई हैं। सीडीओ ने अधिकारियों को शेष मदों में सुधार और योजनाओं की धरातलीय निगरानी के निर्देश दिए।

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी में बीस एवं पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर शनिवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। 

बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत शामिल 38 मदों की समीक्षा में सामने आया कि विभागों की प्रगति में सुधार हुआ है। पिछले माह जहां 11 मदें डी श्रेणी में थीं, वहीं इस माह इनकी संख्या घटकर तीन रह गई है। आठ मदों में सुधार के बाद उन्हें ए या बी श्रेणी में लाया गया है। सीडीओ ने शेष डी श्रेणी की मदों में भी प्राथमिकता के आधार पर सुधार लाने और कम प्रगति वाले कार्यों की लगातार निगरानी करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं की सफलता केवल कागजी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि धरातल पर उनके प्रभाव से तय होती है। इसलिए अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा के साथ मौके पर उनकी स्थिति का भी अनुश्रवण करें, ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान भी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने कहा कि जनकल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का समय रहते समाधान करने के साथ शासन स्तर से संबंधित मामलों में आवश्यक पत्राचार और कार्रवाई भी समय पर की जाए।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय, एसीएमओ डॉ. अमित मेहरा, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, डीपीओ देवेन्द्र थपलियाल आदि उपस्थित रहे। 

यह भी पढ़ेंः मायावती का अखिलेश यादव पर हमला, जयंत चौधरी की टिप्पणी को लेकर जाट समाज से मांगी माफी

संबंधित समाचार