Shravasti News: मानदेय के लिए सड़क पर उतरे केयरटेकर, अब सीधे खाते में भुगतान की मांग
सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों ने दिया धरना, मुख्यमंत्री को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन; लंबित भुगतान जल्द कराने और बिना वजह हटाने पर रोक की मांग
श्रावस्ती, अमृत विचार: सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों ने मानदेय दिलाने की मांग को लेकर शनिवार आरटीओ कार्यालय के पास स्थित धरना स्थल पर धरना दिया। इस दौरान लंबित मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
सौंपे ज्ञापन में सामुदायिक शौचालय केयरटेकरों ने कहा है कि सामुदायिक शौचालयों पर कार्यरत केयरटेकर नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय के भुगतान में अनेक स्थानों पर विलंब व अनियमितता की शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं। वर्तमान व्यवस्था में मानदेय की धनराशि विभिन्न माध्यमों से होकर केयरटेकरों तक पहुंचती है, जिसके कारण भुगतान में अनावश्यक देरी तथा केयरटेकरों से धनराप्ति की मांग किए जाने जैसी शिकायतें सामने आती हैं।
केयरटेकरों के हित में यह आवश्यक है कि उनके मानदेय की धनराशि किसी समूह, मध्यस्थ अथवा अन्य माध्यम के खाते में भेजने के बजाय सीधे संबंधित केयरटेकर के निजी बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाए। इससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी तथा केयरटेकरों को उनका पूरा मानदेव समय से प्राप्त हो सकेगा। साथ ही लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने व कार्यरत किसी भी केयरटेकर को बिना उचित कारण के न हटाने की मांग की है। इस दौरान सीमा, जूही, रेखा, रेनू, रामकली, इन्द्रजली, तारा, मीना, शीला, मन्नू, शकुंतला व शनि कुमार सहित काफी संख्या में केयर टेकर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः दो महीने से नेटवर्क गायब! टावर के सामने उतरे सैकड़ों उपभोक्ता, बोले- महंगा रिचार्ज फिर भी नहीं मिल रही सुविधा
