Auraiya News: अछल्दा स्टेशन पर गरजे किसान नेता, 15 दिन का अल्टीमेटम! बंद ट्रेनों के ठहराव की मांग, आंदोलन की चेतावनी
अछल्दा रेलवे स्टेशन पर भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने कोरोना काल में बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को बहाल करने की मांग को लेकर धरना दिया। यूनियन ने 15 दिन में मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
अछल्दा/औरैया, अमृत। भारतीय किसान मजदूर यूनियन अराजनैतिक भारत के पदाधिकारियों ने शनिवार को रेलवे परिसर में कैंप लगाकर धरना दिया। इसके बाद यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर धनंजय सिंह के नेतृत्व में स्टेशन मास्टर नवनीत राजपूत को ज्ञापन सौंपकर कोरोना काल में बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल करने की मांग की गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान अछल्दा स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया था। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद भी इन ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया गया है। इससे क्षेत्र के छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिन के अंदर ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं हुआ तो यूनियन आगे की रणनीति तैयार कर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगी।

धरने को देखते हुए बढ़ाई गई सुरक्षा
ज्ञापन में सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस, कानपुर-अलीगढ़ सुपरफास्ट मेमू और संगम एक्सप्रेस का अछल्दा स्टेशन पर ठहराव पुनः शुरू करने तथा स्टेशन रोड से महेवा रोड तक पैदल रेल पुल बनाए जाने की मांग की गई। धरने को देखते हुए आरपीएफ प्रभारी एनके यादव, उपनिरीक्षक मुकेश सिंह और हेड कांस्टेबल मनोज यादव ने रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई। इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री सूरजभान, प्रदेश सचिव रमन सेंगर, जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह, रणधीर, मनोज सिंह, हरिमोहन, वीरेंद्र, सुनीता और रामकिशन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-Ghaziabad Murder : ‘बेटा नहीं हुआ’ तो खूनी बना पिता! पत्नी और बड़ी बेटी को चाकू से गोदा, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान
