Shravasti News: नेपाल जाने से पहले पुलिस के हत्थे चढ़े दो तस्कर, 20 लाख की स्मैक बरामद
बाइक पर कर रहे थे ये काम
मल्हीपुर पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई, 102.75 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार; बाइक और मोबाइल भी जब्त
जमुनहा/श्रावस्ती, अमृत विचार। नेपाल सीमा की ओर जा रहे दो संदिग्धों को मल्हीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 102.75 ग्राम अवैध स्मैक, एक बाइक और मोबाइल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख 55 हजार रुपये है।
नेपाल जाने वाले रास्ते पर बिछाया जाल
मल्हीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काली स्प्लेंडर बाइक से स्मैक लेकर नेपाल की ओर जाने वाले हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम बेलरी के पास नेपाल जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान काली बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई।
तलाशी में 102.75 ग्राम स्मैक बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों की पहचान थाना क्षेत्र के सागर गांव निवासी वाजिद अली पुत्र साबित अली और आबिद अली पुत्र हैदर अली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर वाजिद के कब्जे से 49.25 ग्राम और आबिद के पास से 53.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों से कुल 102.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मल्हीपुर थाने लाया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोर्ट ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल
प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख 55 हजार रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ेंः सतीश महाना के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, फूलबाग में धरना; झूठे मुकदमों से लेकर भ्रष्टाचार तक लगाए गंभीर आरोप
