सैफनी में मौत की टक्कर ... दुकान बंद कर घर वापस जा रहे सर्राफ की मौत, कर्मचारी घायल
रामपुर, अमृत विचार। सैफनी थाना क्षेत्र के खरसौल गांव के पास शुक्रवार की शाम एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सैफनी में प्राथमिक उपचार के बाद दो की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान सर्राफ रिंकू सक्सेना ने दम तोड़ दिया। वहीं सुधांशु चंद्रवंशी की हालत नाजुक बताई जा रही है और ललित के भी चोटे आई हैं।
दुकान बंद कर घर वापस जाते समय हादसा
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम सैफनी निवासी रिंकू सक्सेना खरसौल गांव से अपनी ज्वेलर्स की दुकान बंद कर के रोजाना की तरह बाइक पर सवार होकर दो साथियों सुधांशु चंद्रवंशी और ललित के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे वह कुछ दूर निकले तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिंकू सक्सेना और सुधांशु चंद्रवंशी की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुरादाबाद रेफर कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
मुरादाबाद के अस्पताल में इलाज के दौरान रिंकू सक्सेना ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुधांशु की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। तीसरे घायल ललित का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
