Kannauj Accident: 100 मीटर तक बाइक को घसीटती रही बस, दो युवकों की दर्दनाक मौत; 8 माह पहले हुई थी एक की शादी
हादसे के बाद चालक-परिचालक फरार, सकरावा थाना क्षेत्र के ऊमरपुर गांव के पास हुआ हादसा
Kannauj Road Accident: कन्नौज के सौरिख में हरदोई डिपो की अनियंत्रित बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। टक्कर के बाद बाइक करीब 100 मीटर तक बस में फंसी घिसटती रही। हादसे में दोनों की मौत हो गई। एक युवक की शादी महज आठ महीने पहले हुई थी।
सौरिख/कन्नौज, अमृत विचार। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां उजाड़ गया। सकरावा थाना क्षेत्र के ऊमरपुर गांव के पास दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। हरदोई डिपो की अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बस की बॉडी में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि सकरावा थाना क्षेत्र के परौर गांव निवासी पवनेश कुमार उर्फ पवन (22) पुत्र बृजेश कुमार और साथी रूप सिंह बाथम (20) पुत्र राजवीर सिंह इटावा के एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करते थे। शनिवार सुबह बाइक से घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बस उनकी जिंदगी लील गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक बस खड़ी कर फरार हो गए, जिससे लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में यह खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया। पवनेश की शादी महज आठ माह पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं भाई संदीप और मां मंजू देवी सदमे में हैं। दूसरी ओर रूप सिंह बाथम अपने परिवार का बड़ा बेटा था, उसके निधन से छोटे भाई प्रांशु, मां अनीता और बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सुरेश कुमार, थानाध्यक्ष सकरावा भागमल सिंह और थानाध्यक्ष सौरिख नागेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही चेयरमैन राहुल गुप्ता,पूर्व जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र शाक्य और बसपा नेता बब्लू गौतम ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:-UP Sugar Stock: चीनी की कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त, 400 टन से ज्यादा स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई
