Ayodhya News : दीपोत्सव से पहले अयोध्या को मिलेगी फोरलेन की सौगात, रामनगरी में बदल रही पंचकोसी परिक्रमा की तस्वीर

Amrit Vichar Network
On

9.025 किलोमीटर मार्ग पर विकास का नया अध्याय, रोशनी और हरियाली से सजेगा पथ

अयोध्या के 9.025 किमी लंबे पंचकोसी परिक्रमा पथ का 473.22 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जा रहा है। 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट और हरियाली से सजे इस मार्ग को दीपोत्सव से पहले शुरू करने की उम्मीद है।

अयोध्या, अमृत विचार : पंचकोसी परिक्रमा पथ के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 9.025 किलोमीटर लंबे मार्ग को 473.22 करोड़ रुपये से फोरलेन बनाया जा रहा है। इस पथ पर 95 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुका है। पहले संकरा और असुविधाजनक रहा यह मार्ग अब चौड़ी सड़क, आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स और हरियाली से सजा नजर आएगा।

सड़क के दोनों तरफ बीच में डिवाइडर भी बनाया गया हैं। दोनों तरफ लगे ऊंचे लैम्पपोस्ट रात के समय भी मार्ग को रोशन करेंगे। जिससे श्रद्धालुओं की परिक्रमा आसान और सुरक्षित हो सकेगी। सड़क के किनारे हरियाली और आधुनिक सुविधाओं से लैस यह पथ न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के आवागमन को भी सुगम बनाएगा।

इस मार्ग पर चौड़ीकरण का काम 16 अक्टूबर 2023 को शुरू हुआ था। निर्माण की रफ्तार को देखते हुए दीपोत्सव से पहले ही अयोध्या वासियों और श्रद्धालुओं को फोरलेन मार्ग की सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लोक निर्माण विभाग (खंड चार) के अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि कार्य के अंतिम चरण में सड़क की फिनिशिंग, ड्रेनेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटिंग और सौंदर्यीकरण पर फोकस किया जा रहा है।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु करते हैं परिक्रमा

पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या की सबसे पवित्र परंपराओं में से एक है। लाखों श्रद्धालु हर वर्ष इस मार्ग पर पैदल चलकर भगवान राम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं। पहले संकरी सड़क और अपर्याप्त रोशनी के कारण कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब चार लेन का यह सुव्यवस्थित मार्ग उनकी यात्रा को सुखद अनुभव बनाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लंबे समय तक यह मार्ग मजबूत और टिकाऊ बना रहे।

यह भी पढ़ें:-UP Politics : अखिलेश के ‘चवन्नी’ वाले तंज पर गरमाई यूपी की सियासत, केशव मौर्य बोले- जयंत से तुरंत माफी मांगें सपा प्रमुख

 

संबंधित समाचार