Shravasti News: श्रावस्ती में बूढ़ी राप्ती में दिखा मगरमच्छ, कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए नदी में जाल; बढ़ाई गई निगरानी
SSB जवानों ने वन विभाग को दी सूचना; सावन के अंतिम सोमवार को लेकर अलर्ट
श्रावस्ती के मल्हीपुर क्षेत्र में बूढ़ी राप्ती नदी में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद वन विभाग ने जाल लगाकर निगरानी शुरू कर दी है। सावन के अंतिम सोमवार को कांवड़ियों के नदी तट पर पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जमुनहा (श्रावस्ती), अमृत विचार: कलकलवा मार्जिनल बांध के उत्तर दिशा में स्थित बूढ़ी राप्ती नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। गश्त के दौरान एसएसबी जवानों ने नदी में मगरमच्छ देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने नदी में जाल लगाकर निगरानी शुरू कर दी है।
मामला मल्हीपुर थाना क्षेत्र के मुरैला और भेड़हिया गांव के बीच का है। एसएसबी 42वीं वाहिनी समतलिया के प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार के निर्देश पर सीमा चौकी जानकी के उपनिरीक्षक संजय कुमार जवानों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 645/1 से करीब 200 मीटर ऊपर बूढ़ी राप्ती नदी में मगरमच्छ दिखाई दिया।

एसएसबी जवानों ने वन विभाग को दी सूचना
मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलते ही एसएसबी जवानों ने वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। वनकर्मियों ने नदी में जाल लगाया और मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी शुरू कर दी।
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता
सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जलाभिषेक के लिए नदी के तट पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं से नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा पानी में उतरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।वन विभाग की टीम लगातार मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें:-वर्दी में पैर दबाने का VIDEO वायरल, दो होमगार्ड सस्पेंड; SDM आवास से जुड़ा बताया जा रहा था मामला
