सावन के दूसरे सोमवार पर हरदोई के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘बम भोले’ के जयघोष से गूंजा जिला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में सुबह 3 बजे से लगी भक्तों की कतार, सुनासीर नाथ समेत प्रमुख शिवालयों में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

हरदोई: सावन के दूसरे सोमवार पर हरदोई जिले में भगवान शिव की भक्ति का रंग देखने को मिला। भोर होते ही जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। “हर-हर महादेव” और “बम भोले” के जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जत्थे भी शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचे।

Sawan Somwar (2)

सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में तड़के 3 बजे से लगी कतार

भरखनी के विवियापुर धानी नगला स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करीब तीन बजे से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।

दिनभर मंदिर परिसर में शिवभक्तों की आवाजाही बनी रही और हर-हर महादेव के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।

पांचाल घाट से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़िए

पांचाल घाट, फर्रुखाबाद से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे। भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरे इलाके में धार्मिक और भक्तिमय माहौल बना रहा।

सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात, CCTV से निगरानी

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस बल की तैनाती के साथ मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की गई।

प्रशासन का प्रयास रहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।

Sawan Somwar (3)

सुनासीर नाथ और अन्य शिवालयों में भी भक्तों का तांता

सावन के दूसरे सोमवार पर हरदोई जिले के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। सुनासीर नाथ मंदिर, संकट हरण सकाहा और नीलकंठ महाराज मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा।

रविवार शाम से ही कांवड़ियों की टोलियां पवित्र नदियों से जल लेने के लिए निकल पड़ी थीं। सोमवार को कांवड़िए गंगाजल लेकर विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते रहे।

Sawan Somwar
जगह-जगह भंडारे, घरों में भी हुआ रुद्राभिषेक

सावन के दूसरे सोमवार पर जिले में जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया।

शिवालयों में उमड़ी भीड़ ने सावन के दूसरे सोमवार पर भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया।

सुनासीर नाथ मंदिर पहुंचे DM और SP

सावन माह के आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हरदोई ने थाना मल्लावां क्षेत्र के सुनासीर नाथ मंदिर का भ्रमण किया।

अधिकारियों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई।

यह भी पढ़ेंः सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विभूतिनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशेष श्रृंगार से सजे भोलेनाथ

संबंधित समाचार