महादेवा जलाभिषेक के लिए निकले तीन दोस्तों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, दो की दर्दनाक मौत एक गंभीर घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा जा रहे थे तीनों युवक, एंबुलेंस में देरी को लेकर परिजनों ने किया हंगामा

बाराबंकी, अमृत विचार: सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा में जलाभिषेक के लिए जा रहे तीन युवकों की बाइक रविवार रात फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अस्पताल में एंबुलेंस पहुंचने में देरी को लेकर परिजनों ने हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) एक ही बाइक से लोधेश्वर महादेवा मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। दादनपुर के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी श्रद्धालु सवार थे और वे भी महादेवा जा रहे थे। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने शक्तिमान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने उसे सरकारी वाहन से जिला अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही शक्तिमान की मौत हो गई।

हादसे में शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की भी मौत हो गई, जबकि घायल सचिन जोशी का उपचार कराया जा रहा है। एंबुलेंस में देरी से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है, हादसे के बाद युवकों के परिवारों में मातम पसरा है।

यह भी पढ़ेंः कांवड़ यात्रा ‘समरसता का महापर्व’, CM योगी ने प्रदेशवासियों से की खास अपील

संबंधित समाचार