Kanpur Table Tennis : यू-17 में गुजरात के विवान और महाराष्ट्र की दिव्यांशी ने जीते खिताब

Amrit Vichar Network
On

कड़े मुकाबले में गुजरात के विवान ने कर्नाटक के अथर्व को हराया

कानपुर में चल रही UTT नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंडर-17 वर्ग में गुजरात के विवान दवे और महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक चैंपियन बने। विवान ने अथर्व नावरंगे और दिव्यांशी ने अनन्या मुरलीधरन को फाइनल में हराया।

कानपुर, 22 अगस्त। द स्पोर्ट्स हब में चल रही यूटीटी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप के सातवें दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबलों में रोमांचक टेबल टेनिस देखने को मिला। अंडर-17 बालक वर्ग में गुजरात के विवान दवे तथा बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

बालक वर्ग के फाइनल में गुजरात के विवान दवे ने कर्नाटक के अथर्व नावरंगे को कड़े संघर्ष में 8-11, 11-8, 11-9, 9-11, 11-4 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अथर्व ने पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन विवान ने लगातार दो गेम जीतकर मुकाबले में बढ़त बना ली। चौथे गेम में अथर्व ने वापसी करते हुए मुकाबला 2-2 से बराबर किया। निर्णायक पांचवें गेम में विवान ने संयम और आक्रामक खेल का शानदार तालमेल दिखाते हुए 11-4 से जीत दर्ज की।

बालिका वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र की दिव्यांशी भौमिक ने तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन को 11-6, 9-11, 12-10, 11-3 से हराकर स्वर्णिम सफलता हासिल की। पहले गेम में दिव्यांशी ने बढ़त बनाई, जबकि अनन्या ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त संघर्ष हुआ, जिसमें दिव्यांशी ने 12-10 से बाजी मारते हुए निर्णायक बढ़त हासिल की। चौथे गेम में उन्होंने शानदार नियंत्रण के साथ 11-3 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा किया।

इससे पहले बालक वर्ग के सेमीफाइनल में विवान दवे ने तमिलनाडु के विश्रुत रामकृष्णन को 11-7, 10-12, 11-8, 11-7 से तथा अथर्व नावरंगे ने महाराष्ट्र के प्रतीक तुलसानी को 7-11, 11-6, 11-7, 11-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में दिव्यांशी भौमिक ने पश्चिम बंगाल की अंकोलिका चक्रवर्ती को 14-12, 11-8, 11-4 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन ने महाराष्ट्र की नैशा रेवास्कर को बेहद रोमांचक पांच गेम के मुकाबले में 5-11, 16-14, 11-9, 10-12, 11-8 से पराजित किया।

दिग्गजों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

प्रतियोगिता के सातवें दिन मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और आठ बार की राष्ट्रीय चैंपियन इंदु पुरी, द्रोणाचार्य अवार्डी संदीप गुप्ता, UPTTA के चेयरमैन संजीव पाठक, UPTTA के सचिव अरुण बेनर्जी, अंकित गुप्ता,पियूष अग्रवाल तथा संजय टंडन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अब इन मुकाबलों पर रहेंगी नजरें

अंडर-17 वर्ग के मुकाबलों के समापन के बाद अब प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला एकल के मुख्य ड्रॉ तथा अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों पर सभी की नजरें रहेंगी।कल सभी वर्गों के फाइनल खेले जाएंगे समापन शाम 6 बजे आयोजित होगा जिसमें TTFI के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

संबंधित समाचार