अमेठी न्यूज : नहर किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, चेहरे पर झुलसने के निशान, परिजनों में कोहराम
अमेठी के संग्रामपुर क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक अनुज कुमार का शव नहर किनारे मिला। चेहरे पर झुलसने के निशान मिलने से ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
अमेठी, अमृत विचार। अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के टीकरमाफी चौकी अंतर्गत सोनारी कला गांव निवासी 24 वर्षीय अनुज कुमार का शव शनिवार दोपहर सूखा के पुरवा के पास नहर किनारे पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अनुज कुमार पुत्र स्व. शिव प्रसाद सोनी के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक अनुज शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से निकला था।दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों ने नहर किनारे युवक का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। अनुज छह भाइयों और एक बहन में था। उसके पिता शिव प्रसाद सोनी की करीब दो वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है।

ग्राम प्रधान के अनुसार, युवक के चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाए जाने की आशंका है। हालांकि, इसकी अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और चेहरे पर झुलसने के निशान कैसे आए, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
मौके पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह, टीकरमाफी चौकी प्रभारी और सीओ मनोज मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस युवक की मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें:-UP Sugar Stock: चीनी की कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त, 400 टन से ज्यादा स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई
