BJP New Team : भाजपा की नई टीम से मिले PM मोदी, बोले- बूथ स्तर तक मजबूत करें संगठन, ‘विकसित भारत’ को दें नई रफ्तार

Amrit Vichar Network
On

भाजपा मुख्यालय में नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। पीएम ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय मुख्यालय में पार्टी की नवगठित राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई तथा सभी को उनके नवीन संगठनात्मक दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। 

नई टीम के साथ पीएम मोदी का संवाद

हाल ही में घोषित भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की केंद्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण परिचयात्मक बैठक आयोजित हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक के उपरांत सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, राष्ट्रीय महामंत्रियों, राष्ट्रीय सचिवों, कोषाध्यक्ष तथा विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के साथ समय बिताया और अनौपचारिक संवाद किया।

जमीनी जुड़ाव और जनसेवा पर जोर

प्रधानमंत्री ने पार्टी के पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई टीम में ऊर्जा, संगठनात्मक अनुभव और जमीनी जुड़ाव का बेहतरीन संतुलन है। पार्टी को पूरा विश्वास है कि यह टीम देशसेवा और 'विकसित भारत' के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगी।

बैठक में वरिष्ठ नेतृत्व रहा मौजूद

इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं नवनियुक्त पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री के साथ हुए इस फोटो सेशन और संवाद के बाद नई टीम के पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पार्टी की समीक्षा बैठक करेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

खबर है कि रविवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन संगठन की समीक्षा को लेकर बैठक करेंगे। यहां बैठक में सभी प्रदेशों के अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल होंगे। सुबह 10 बजे से बीजेपी मुख्यालय में विस्तार से बैठक होगी। बैठक में चुनावी राज्यों यूपी, उत्तराखंड, पंजाब समेत अन्य राज्यों में चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पार्टी की तरफ से चलाए जा रहे कार्यक्रमों समेत संगठन के अन्य मुद्दों पर भी मंथन होगा।

यह भी पढ़ें:-UP Sugar Stock: चीनी की कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त, 400 टन से ज्यादा स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई

 

संबंधित समाचार