3 बेटे-बेटी और पत्नी फिर भी नहीं पहुचा कोई! 72 घंटे इंतजार के बाद गैरों ने दी करोड़पति बुजुर्ग को अंतिम विदाई, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
On

इटावा के सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में 70 वर्षीय राजकुमार सक्सेना की मौत के बाद उनके तीन बेटे, बेटी और पत्नी के होने के बावजूद कोई शव लेने नहीं पहुंचा। करीब दो साल से वृद्धाश्रम में रह रहे राजकुमार का 15 अगस्त को रक्तदाता समूह और पुलिस की मौजूदगी में यमुना घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

इटावा, अमृत विचार। कभी बड़े कारोबारी रहे 70 वर्षीय राजकुमार सक्सेना की जिंदगी का अंत जिस तरह हुआ, उसने रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इटावा के सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज के दौरान 12 अगस्त को राजकुमार की मौत हो गई।

परिवार की पहचान होने के बावजूद उनके तीन बेटे, एक बेटी और पत्नी में से कोई भी शव लेने या अंतिम संस्कार में शामिल होने नहीं पहुंचा। आखिरकार स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त की शाम करीब पांच बजे इटावा के यमुना घाट स्थित श्मशान पर रक्तदाता समूह और पुलिस की मौजूदगी में राजकुमार का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।

दो साल से वृद्धाश्रम में रह रहे थे राजकुमार

बताया गया कि एटा के मारहरा निवासी राजकुमार सक्सेना करीब दो साल से एटा के एक वृद्धाश्रम में रह रहे थे। 16 जुलाई को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और 12 अगस्त को उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद अस्पताल में जब कोई परिजन शव लेने नहीं पहुंचा तो मामले की जानकारी रक्तदाता समूह के पदाधिकारियों को दी गई।

दस्तावेजों से मिली परिवार की जानकारी

रक्तदाता समूह के संस्थापक शरद तिवारी और उनके साथियों ने राजकुमार के परिवार का पता लगाने की कोशिश शुरू की। उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर बेटे कुबेर सक्सेना का नाम और गाजियाबाद का पता मिला।मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की गई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, बातचीत के दौरान बेटे ने राजकुमार को पहचानने से इनकार किया और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। अस्पताल के काउंसलर डॉ. मनोज मौर्य ने भी बेटे से बात कर पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।

तीन बेटे, एक बेटी और पत्नी... फिर भी कोई नहीं आया

राजकुमार की पत्नी के अलावा तीन बेटे कुबेर, भारत और धादू तथा एक बेटी होने की जानकारी सामने आई है। रक्तदाता समूह के सदस्यों ने परिवार तक पहुंचने के लिए गाजियाबाद के नंदग्राम, दीनदयालपुर स्थित पते पर जाने की भी कोशिश की। वहां मकान पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों ने बताया कि मकान कुबेर सक्सेना का है। पुलिस ने भी परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार कोई भी शव लेने या अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सामने नहीं आया।

भतीजे ने बताया- परिवार में था पैसों को लेकर विवाद

परिवार की तलाश के दौरान राजकुमार के भतीजे पंकज सक्सेना से भी संपर्क हुआ। उन्होंने बताया कि राजकुमार के तीन बेटे गाजियाबाद में रहते हैं और उनकी एक बेटी व पत्नी भी हैं। पंकज के मुताबिक राजकुमार के पिता एटा की अदालत में मुंशी थे और परिवार के पास जमीन भी थी। उन्होंने परिवार में पैसों को लेकर विवाद रहने की बात भी बताई। हालांकि ये पारिवारिक दावे हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

72 घंटे तक शव का इंतजार, फिर दी अंतिम विदाई

पुलिस ने राजकुमार के शव को 72 घंटे तक शवगृह में रखवाया, ताकि परिजनों से संपर्क हो सके और कोई शव लेने पहुंचे। 15 अगस्त को यह अवधि पूरी होने के बाद भी जब कोई अपना नहीं आया तो रक्तदाता समूह ने अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई। रक्तदाता समूह के संस्थापक शरद तिवारी ने कहा कि यह बेहद भावुक कर देने वाला मामला है। उनका कहना है कि परिवार में तीन बेटे, बेटी और पत्नी होने के बावजूद कई बार बुलाने पर भी कोई अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुआ। समूह के सदस्य आदित्य शाक्य ने भी इसे अपने जीवन का ऐसा पहला मामला बताया, जिसमें परिवार होने के बावजूद बुजुर्ग की अंतिम विदाई में कोई परिजन शामिल नहीं हुआ।

पुलिस और रक्तदाता समूह की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी पुलिस चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि राजकुमार के अस्पताल में लावारिस हालत में भर्ती होने के बाद दस्तावेजों के जरिए उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया था। अंततः 15 अगस्त की शाम पांच बजे इटावा के यमुना घाट पर राजकुमार सक्सेना का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान पुलिस टीम और रक्तदाता समूह के सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-Lucknow News: जन भवन में विधि-विधान से हुआ रुद्राभिषेक, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भगवान शिव का किया पूजन

संबंधित समाचार