Bahraich News: लेखपालों पर विजिलेंस कार्रवाई से मचा हड़कंप! सीएम योगी से निष्पक्ष जांच की मांग, जानें क्या कहा...
बहराइच के कैसरगंज में लेखपाल संघ ने विजिलेंस कार्रवाई में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। संघ ने सोहावल के लेखपाल उत्कर्षदीप मामले की स्वतंत्र जांच, सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल और झूठी शिकायत करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
कैसरगंज (बहराइच), अमृत विचार। भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता टीम की कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की कैसरगंज उपशाखा ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने लेखपालों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता टीम की कार्रवाई में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। संघ ने आरोप लगाया कि कई मामलों में शिकायत की वास्तविकता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की पर्याप्त जांच किए बिना कार्रवाई से लेखपालों में भय का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में कहा गया कि लेखपाल भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण और अन्य राजस्व मामलों में कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं। संघ का आरोप है कि कुछ मामलों में असंतुष्ट लोगों द्वारा झूठी शिकायतों के जरिए लेखपालों को फंसाने का प्रयास किया जाता है। संघ ने भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं करने की बात कहते हुए कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच की मांग की।
सोहावल के लेखपाल उत्कर्षदीप मामले की स्वतंत्र जांच की मांग
ज्ञापन में 20 अगस्त 2026 को अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के विरुद्ध हुई कार्रवाई की स्वतंत्र जांच, निगरानी कैमरों के फुटेज और प्रसारित वीडियो की जांच कराने की मांग की गई। संघ ने मांग की कि भविष्य में कार्रवाई से पहले शिकायत, शिकायतकर्ता और संबंधित राजस्व विवाद की विस्तृत जांच हो।
झूठी शिकायत या षड्यंत्र साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही कार्रवाई के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी मानक कार्यप्रणाली जारी की जाए।ज्ञापन देने वालों में तहसील अध्यक्ष पवन कुमार चौहान, मंत्री चंद्रकेश मौर्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यपाल, उप मंत्री दिनेश चन्द्र आर्य, कोषाध्यक्ष शादाब अहमद और संयोजक अतुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:-UP Sugar Stock: चीनी की कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त, 400 टन से ज्यादा स्टॉक मिला तो होगी कार्रवाई
