Mahoba News: महोबा में किन्नर का फांसी के फंदे पर मिला शव, मौत को लेकर सस्पेंस; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
On

तीन साल पहले घर छोड़कर किन्नर समाज में हुआ था शामिल

महोबा के भटीपुरा में 19 वर्षीय किन्नर राहुल उर्फ काजल का शव किराये के मकान में फांसी के फंदे पर मिला। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

महोबा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के महोबा में रविवार को 19 वर्षीय किन्नर का शव किराये के मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

करीब 20 दिन पहले किराये पर लिया था मकान

सदर कोतवाली क्षेत्र के भटीपुरा में शिव नारायण के मकान में 19 वर्षीय किन्नर राहुल उर्फ काजल रहता था। पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ के मुताबिक राहुल ने करीब 20 दिन पहले ही मकान किराये पर लिया था और वहां अकेला रह रहा था। रविवार सुबह काफी देर तक मकान का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर राहुल का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस उपाधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राहुल ने आत्महत्या की या उसके साथ कोई घटना हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

तीन साल पहले घर छोड़कर किन्नर समाज में हुआ था शामिल

मृतक के पिता ख्याली राम ने पुलिस को बताया कि राहुल करीब तीन साल पहले घर से चला गया था। इसके बाद वह किन्नर समाज में शामिल हो गया था। करीब एक महीने पहले ही वह महोबा वापस लौटा था। परिजनों के मुताबिक उसने परिवार से अपने सभी रिश्ते खत्म कर लिए थे। राहुल की मौत की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच कराने की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार