मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक खत्म! सरकड़ा परम में एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद, अब तक 7 का रेस्क्यू
ठाकुरद्वारा क्षेत्र में दहशत का माहौल, शाम होते ही घरों में दुबक रहे लोग;
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में वन विभाग ने सरकड़ा परम गांव से एक और तेंदुए को रेस्क्यू किया है। जिले में अब तक सात तेंदुए पकड़े जा चुके हैं, जबकि तेंदुए के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। 19 ट्रैपिंग केज और थर्मल ड्रोन से निगरानी के साथ गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुरादाबाद, अमृत विचार : यूपी के मुरादाबाद जिले में आतंक का पर्याय बना एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हुआ है। ठाकुरद्वारा रेंज के ग्राम सरकड़ा परम में एक तेंदुए को रेस्क्यू करने में वन विभाग की टीम को सफलता मिली है। अब तक सात तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है। जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुआ अब तक दो की जान ले चुका है। तेंदुआ के डर के चलते लोग शाम ढलने के बाद घरों से नहीं निकल रहे हैं।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि पूरे संवेदनशील क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने अथवा उसकी गतिविधियों की सूचना वाले गांवों में रेस्क्यू टीमें निरंतर गश्त कर रही हैं। तेंदुआ रेस्क्यू के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 19 ट्रैपिंग केज लगाए गए हैं। वन विभाग प्रभावित गांवों में आमजन को तेंदुए से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी देने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान चला रहा है।
प्रचार वाहन के माध्यम से लाउडस्पीकर एवं जनसंपर्क के जरिए रायभूड़, गुलाडिया, पायन्दापुर, अलियाबाद सादिक, चन्दूपुरा, रहटा माफी, डिलारी चंदेरी, पिलकपुर श्योराम, तगाली, पीपली अहीर, सिढ़ावली, कुरी, मासूमपुर, लौंगी खुर्द, सरकड़ा एवं रानी नागल सहित विभिन्न गांवों में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
थर्मल ड्रोन से हो रही निगरानी
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने एवं त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई के लिए वन विभाग द्वारा विशेष रेस्क्यू टीमें गठित की गई हैं। वाइल्डलाइफ एसओएस एवं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीमें भी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं निगरानी कर रही हैं। थर्मल ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की स्कैनिंग एवं निगरानी भी हो रही है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ दिखाई देने पर घबराएं नहीं, उसके पास जाने अथवा उसे घेरने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग या पुलिस को सूचना दें।
यह भी पढ़ें:-Ghaziabad Murder : ‘बेटा नहीं हुआ’ तो खूनी बना पिता! पत्नी और बड़ी बेटी को चाकू से गोदा, छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान
