Auraiya News: घर में खेल रहा था 5 साल का मासूम, तभी सांप ने डसा... अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

घर में खेल रहा था बच्चा, सांप के डसते ही मची चीख-पुकार; अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

औरैया, अमृत विचार। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव ऐली में शनिवार को जहरीले सांप के डसने से पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गांव ऐली निवासी सतीश कुमार का पांच वर्षीय पुत्र दिनेश दिवाकर शनिवार को घर में खेल रहा था। बताया गया कि घटना के समय उसके पिता बुखार की दवा लेने पास के डॉक्टर के यहां गए थे, जबकि बड़ा भाई भी घर से बाहर था। घर में मां विभा और बहन रीता मौजूद थीं। इसी दौरान खेलते समय मासूम को जहरीले सांप ने डस लिया।

सांप के काटने की जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण बच्चे को लेकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही मां विभा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 12 वर्षीय भाई मनीष और 10 वर्षीय बहन रीता भी गम में डूब गए। पांच वर्षीय बच्चे की अचानक मौत से परिवार के साथ-साथ गांव में भी मातम पसरा है।

प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि सर्पदंश से बच्चे की मौत का मामला संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः बच्चों की दवाओं पर सरकार का बड़ा फैसला! 4 साल से कम उम्र में इन कॉम्बिनेशन पर लगी रोक

संबंधित समाचार