Hardoi Road Accident: गंगा एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं की कार पलटी, चालक सम्पत की मौत; छह घायल
हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में तेलंगाना से मनौना धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक सम्पत की मौत हो गई, जबकि छह श्रद्धालु घायल हुए हैं।
बिलग्राम। मनौना धाम जा रहे तेलंगाना के श्रद्धालुओं की कार मंगलवार सुबह बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार चालक सम्पत (40 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि छह श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना चैनल नंबर 323 के पास ग्राम धोधी के निकट हुई।
जानकारी के अनुसार कार तेलंगाना से श्रद्धालुओं को लेकर हरिद्वार हाईवे होते हुए बरेली स्थित मनौना धाम जा रही थी। कार में तेलंगाना निवासी संतोष, नागार्जुन, अनंत लक्ष्मी, मधु, श्रीदेवी, सम्पत और स्वर्णलता सवार थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बिलग्राम क्षेत्र में पहुंचने पर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर फंस गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की प्रशासनिक टीम और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया गया।
सीएचसी बिलग्राम में चिकित्सकों ने कार चालक सम्पत (40) को मृत घोषित कर दिया। घायल मधु का उपचार बिलग्राम सीएचसी में किया गया, जबकि अन्य पांच घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः Hardoi Crime News: कछौना में लूट की दो वारदातों से हड़कंप, कहीं मंगलसूत्र तो कहीं 17 हजार रुपये लूटे
