Kanpur News : जूही राखी मंडी के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, प्लास्टिक के धुएं से मची अफरातफरी
कानपुर के जूही राखी मंडी स्थित कबाड़ गोदाम में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। प्लास्टिक सामग्री के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं से इलाके में अफरातफरी मच गई। कई फायर स्टेशनों की टीम ने आग पर काबू पाया।
कानपुर, अमृत विचार। शहर के जूही स्थित राखी मंडी में सोमवार तड़के एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और कबाड़ रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। धुएं के कारण आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सुबह करीब पांच बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब पांच बजे अचानक गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कई फीट ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
कई फायर स्टेशनों की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। किदवई नगर, मीरपुर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र में आग फैलने से रोक दिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
