Bhadohi News: पानी की बाल्टी ने मचाया कोहराम, दलित युवक से मारपीट के बाद दो पर FIR, जानें क्या है पूरा मामला
दवा लेने पहुंचे पेंटर के साथ बाल्टी से पानी लेने को लेकर विवाद, दो लोगों पर जातिसूचक टिप्पणी, मारपीट और धमकी देने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
भदोहीः भदोही जिले में बाल्टी से पानी लेने पर एक दलित पेंटर से कथित तौर पर मारपीट कर उसे घायल करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि 23 जून की रात केवटही गांव निवासी भोला गौतम अपने साथी मजदूर ओमप्रकाश विश्वकर्मा के साथ पेंटिंग का काम करके मनोहरपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में वह सिरदर्द की दवा लेने के लिए डॉ. शिवराम बिंद के यहां पहुंचे।
उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि गौतम ने दवा लेने के लिए पानी मांगा तो डॉक्टर ने उसे बाहर से पानी लेने को कहा जिसके बाद गौतम ने बाहर रखी एक बाल्टी पर रखे बर्तन से जैसे ही पानी निकाला, तभी सामने के दुकानदार सुभाष बिंद ने कथित तौर पर जातिसूचक अपशब्द कहते हुए उसे फटकारा।
अग्रवाल ने बताया कि आरोप है कि सुभाष बिंद ने लाठी से गौतम के सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर डॉ. शिवराम बिंद भी बाहर आए। आरोप है कि उन्होंने भी अपशब्द कहते हुए गौतम से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अग्रवाल के मुताबिक, गौतम के साथी मजदूर ओमप्रकाश विश्वकर्मा और आसपास मौजूद अन्य लोगों ने उसे बचाया।
उन्होंने बताया कि सिर, पेट, पीठ और पैर में चोट लगने के बाद गौतम को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर हालत में उसे वाराणसी के एक अस्पताल रेफर किया गया, जहां 12 दिन तक उसका इलाज चला। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांच जुलाई को अस्पताल से लौटने के बाद भोला गौतम ने पुलिस को तहरीर दी जिसके आधार पर सोमवार देर रात दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः Amethi News: अर्धनग्न हालत में कार से मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; दोस्त हिरासत में
