बलरामपुर अस्पताल की 15 में चार डायलिसिस मशीनें खराब, शिकायत के बावजूद भी नहीं हो रही ठीक

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

किडनी रोगियों को करना पड़ रहा दिक्कत का सामना

लखनऊ, अमृत विचार : बलरामपुर अस्पताल में डायलिसिस यूनिट की चार मशीनें लंबे समय से खराब होने से किडनी मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। मरीजों की समय पर डायलिसिस हो पा रही है, कई मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बढ़ते दबाव के बीच कई बार डायलिसिस की अवधि भी कम करनी पड़ रही है।

अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में 15 मशीनें लगी हैं, इनमें चार मशीनें लंबे समय से खराब हैं। 11 मशीनों से रोजाना 30 से अधिक मरीजों की डायलिसिस की जा रही है। नियमित डायलिसिस पर निर्भर मरीजों के लिए ये स्थिति गंभीर चिंता का विषय बन गई है। खराब मशीनों की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी को कई बार सूचना दी जा चुकी है। कंपनी के इंजीनियर जांच के लिए पहुंचे भी, लेकिन तकनीकी खामियां अब तक दूर नहीं हो सकी हैं। नतीजतन मरीजों को उपचार में देरी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

डायलिसिस विशेषज्ञों का कहना है कि किडनी मरीजों के लिए तय समय और निर्धारित अवधि तक डायलिसिस होना बेहद आवश्यक है। इसमें देरी या समय कम होने से मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है और जटिलताएं बढ़ने का खतरा रहता है। सीएमएस डॉ.हिमांशु चतुर्वेदी का कहना है कि उपलब्ध मशीनों के जरिए लगातार सेवाएं दी जा रही हैं, ताकि मरीजों को अधिक परेशानी न हो। साथ ही खराब मशीनों की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

यह भी पढ़ेंः Scrub Typhus Alert: सिर्फ बुखार नहीं, लिवर और किडनी को भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है स्क्रब टायफस, KGMU-PGI शोध में बड़ा खुलासा

संबंधित समाचार