उत्तराखंड में मानसून की दस्तक, बागेश्वर में आज स्कूल बंद, यूएस नगर में खनन पर रोक लगी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

देहरादून, अमृत विचार : उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को प्रवेश कर लिया और अगले दो दिनों में पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा। मौसम विभाग ने चार जुलाई तक राज्य में ऑरेन्ज और यलो अलर्ट जारी करते हुए खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून से डॉ. रोहित थपलियाल के अनुसार, मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है।

हालांकि इस वर्ष सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। जून में प्रदेश में 83 मिमी बारिश हुई है जबकि जून का औसत 132 मिमी है। वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जतायी है जबकि टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। 

पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर और 30-40 किमी प्रति घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी इसी तरह का मौसम रहेगा। चार जुलाई तक देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

वहीं, बागेश्वर की जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने खराब मौसम के मद्देनजर बुधवार को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उधर, पौड़ी में एनएच -534 पर गुमखाल-सतपुली के बीच सतपुली मल्ली क्षेत्र में भूधंसाव के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि, सड़क चौड़ीकरण के बाद पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में बड़े-बड़े बोल्डर लटक गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इन बोल्डरों को कंट्रोल्ड ब्लास्टिंग से हटाया जाएगा। वहीं, ऊधमसिंह नगर जिले में मानसून और अतिवृष्टि को देखते हुए जानमाल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार से खनन कार्य पर प्रतिबंध लगा दिया है जो आगामी 30 सितंबर तक प्रभावी रहेगा।

ये भी पढ़ें  : 
NEET Re-exam को लेकर देशभर में मॉक ड्रिल, हरिद्वार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, आबू धाबी एग्जाम सेंटर दिए जाने पर क्या बोला NTA; जानिए

संबंधित समाचार