Haldwani News : हैंडबॉल क्लस्टर में नैनीताल पुलिस की एक और शानदार जीत, फाइनल में प्रवेश
हल्द्वानी, अमृत विचार। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर में आयोजित तृतीय प्रादेशिक हैंडबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस हैंडबॉल टीम का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है।
गुरुवार सुबह खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में नैनीताल ने 46वीं वाहिनी पीएसी को 12-7 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इससे पहले नैनीताल टीम ने अपने पहले मुकाबले में ऊधम सिंह नगर को 13-10 से हराया था। दूसरे मैच में पिथौरागढ़ को 15-6 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। वहीं क्वार्टरफाइनल में 40वीं वाहिनी पीएसी के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में नैनीताल ने 15-13 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। अब लगातार चार मुकाबले जीतकर टीम ने खिताब की प्रबल दावेदारी पेश कर दी है। टीम की सफलता में खिलाड़ियों के सामूहिक प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। टीम में गोकुल धपोला, नीरज, सुनील, नरेंद्र, बलवंत, दीपक, हरीश, विशाल, गोविंद, विपिन, त्रिलोक और संजय समेत अन्य खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। टीम प्रबंधक सब इंस्पेक्टर जय सिंह भंडारी लगातार खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर उनका मनोबल बढ़ा रहे हैं। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने टीम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल न केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम हैं, बल्कि पुलिस बल की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और मानसिक मजबूती को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों में फिटनेस, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने फाइनल मुकाबले के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। पुलिस विभाग की ओर से आजोजित इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं जवानों को फिट व सक्रिय बनाए रखने के साथ-साथ आपसी समन्वय और खेल भावना को भी मजबूत करती हैं। नैनीताल टीम के फाइनल में पहुंचने पर खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
