Bareilly : बरेली में दो कारों की जोरदार भिड़ंत, एयरबैग फटने से मुरादाबाद के कांस्टेबल ने गंवाई जान
- एयरबैग फटा, गले में घुस गया स्टेयरिंग का प्लास्टिक - कार में बैठीं सिपाही की परिचित दो बहनों के भी आई चोटें - दूसरी तेज रफ्तार कार से टकरा गई थी सिपाही की गाड़ी
बरेली, अमृत विचार : अक्षर विहार के पास तेज रफ्तार कार ने दूसरी कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक कार में सवार कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी कार में ही मौत हो गई। कार में बैठी दो बहनों के भी चोट आई है। मंगलवार को मुरादाबाद रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल जीत सिंह पदम अपनी परिचित दो सगी बहनों के साथ बैंक के किसी काम से शाहजहांपुर जा रहे थे।
दोपहर में उनकी कार को अक्षर विहार के पास तेज रफ्तार दूसरी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की जीत सिंह पदम की कार का एयर बैग खुल गया। एयर बैग के साथ स्टेयरिंग की प्लास्टिक भी उखड़कर उनके गले में घुस गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस उन्हें पास के अस्पताल में लेकर पहुंची जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कार में बैठी दोनों बहनों के भी चोट आई है। वे दोनों मुरादाबाद के एक कॉलेज में पढ़ती हैं। पुलिस के मुताबिक जीत सिंह पदम गाजियाबाद के थाना मसूरी स्थित ग्राम इंद्रगरी के रहने वाले थे। वह एक दिन की छुट्टी पर थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फरार हुआ दूसरी कार का चालक
जिस कार ने सिपाही की कार को टक्कर मारी थी वह एमजी हेक्टर बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उक्त चालक हादसे के बाद कार लेकर फरार हो गया। कुछ लोगों ने कार के फोटो खींच लिए। पुलिस उन फोटो से कार की तलाश कर रही है अक्षय विहार के पास हादसे में कांस्टेबल की मौत हो गई है। पुलिस टक्कर मारने वाली कार की तलाश कर रही है। आस-पास लगे सीसीटीवी से भी कार की पहचान की जा रहा है। - राजीव कुमार, इंस्पेक्टर कोतवाली
