Sant Kabir Nagar News : किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या का खुलासा, 72 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में किशोरी से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साक्ष्य बरामदगी के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगने का दावा।

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के बेलहरकला थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि साक्ष्य बरामदगी के लिए ले जाते समय दोनों आरोपी भागने लगे, जिस पर जवाबी कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों को पहले सीएचसी मेंहदावल और बाद में जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर किया गया है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यहाँ बताया कि दुष्कर्म और हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त मुहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू तथा मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले को पुलिस ने बालूशासन पुल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को मृतका का मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कराने के लिए ग्राम कुशहरा-दरही रोड स्थित जंगल बेलहर क्षेत्र में लेकर गई।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपी अचानक भागने लगे। कई बार चेतावनी देने के बावजूद नहीं रुकने पर पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए फायरिंग की, जिससे दोनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

एसपी ने बताया कि 28 जून को मृतका की मां ने बेलहरकला थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 16 वर्षीया बेटी 15 दिन पहले अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई थी और तीन दिन पहले ही वापस घर लौटी थी। 28 जून की रात करीब दो बजे जब वह बेटी को देखने गईं तो वह बिस्तर पर नहीं थी। सुबह करीब सात बजे उसका शव कब्रिस्तान के पास सागौन के पेड़ की टहनी से उसी के दुपट्टे के सहारे संदिग्ध अवस्था में मिला।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत कराया गया, लेकिन पुलिस की गहन विवेचना में यह सामने आया कि किशोरी की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया था ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। इसी आधार पर थाना बेलहरकला में हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस पूछताछ में क्या बोले आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। मामले के सफल अनावरण, आरोपियों की गिरफ्तारी और साक्ष्य बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने Rs25,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। 

संबंधित समाचार