Google के साथ मिलकर बदलेगी भारत की पर्यटन तस्वीर! डिजिटल टेक्नोलॉजी और AI से दुनिया तक पहुंचेगा Incredible India
पर्यटन मंत्रालय और Google India के बीच MoU पर हस्ताक्षर, AI, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय पर्यटन स्थलों को मिलेगी वैश्विक पहचान
नई दिल्ली: भारत के पर्यटन क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और Google India के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी हुई है। इस समझौते के तहत डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डेटा आधारित विश्लेषण और क्षमता निर्माण के माध्यम से देश के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को मजबूत किया जाएगा।
मंगलवार को केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में पर्यटन मंत्रालय और Google India के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के जरिए भारत के पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और पर्यटन अनुभवों को देश-विदेश के यात्रियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म से बढ़ेगी पर्यटन स्थलों की पहुंच
समझौते के तहत दोनों पक्ष डिजिटल टूल्स, AI, डेटा इनसाइट्स, क्षमता निर्माण और पर्यटकों की डिजिटल सहभागिता बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। इसके जरिए भारत के ऐतिहासिक, धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों की ऑनलाइन दृश्यता (Visibility) को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
पर्यटन मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह सहयोग गैर-वाणिज्यिक (Non-Commercial), गैर-बाध्यकारी (Non-Binding) और गैर-विशिष्ट (Non-Exclusive) होगा तथा इससे किसी भी पक्ष पर कोई वित्तीय दायित्व नहीं आएगा।
'अतुल्य भारत' अभियान को मिलेगा डिजिटल विस्तार
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि डिजिटल तकनीक दुनिया भर के लोगों तक भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को नए और आकर्षक तरीके से पहुंचाने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी 'अतुल्य भारत' (Incredible India) अभियान को तकनीक आधारित नई दिशा देने की सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
यह भी पढ़ेंः Digital India के 11 साल: PM मोदी बोले- दुनिया में भारत को मिली नई पहचान, AI और डिजिटल क्रांति से खुल रहे नए अवसर
