ICC T20 Rankings में बड़ा उलटफेर: ईशान किशन बने नंबर-1 बल्लेबाज, अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर खिसके

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः आईसीसी की ताज़ा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय से शीर्ष स्थान पर मौजूद अभिषेक शर्मा अब नंबर-1 की कुर्सी गंवा चुके हैं। उनकी जगह भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन ने पहली बार टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं, सूर्यकुमार यादव को भी एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है।

पहली बार नंबर-1 बने ईशान किशन

भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज समाप्त होने तथा भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज शुरू होने से पहले जारी ICC की नई रैंकिंग में ईशान किशन ने शानदार छलांग लगाई है। उनकी रेटिंग बढ़कर 876 हो गई है, जो उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है। इससे पहले वह दूसरे स्थान पर थे और अब पहली बार दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज बन गए हैं।

अभिषेक शर्मा मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर

पूर्व नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग घटकर 869 रह गई है। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच केवल 7 रेटिंग अंकों का अंतर है। ऐसे में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के दौरान रैंकिंग में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

सूर्यकुमार यादव को भी हुआ नुकसान

टीम इंडिया से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव को भी ताज़ा रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है। वह सातवें स्थान से फिसलकर आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी मौजूदा रेटिंग 708 है। वहीं इंग्लैंड के जॉस बटलर 716 रेटिंग के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। टॉप-10 में बाकी बल्लेबाजों की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इंग्लैंड सीरीज के बाद फिर बदल सकती है रैंकिंग

भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज खिलाड़ियों के लिए रैंकिंग के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। दोनों टीमों के बल्लेबाजों के प्रदर्शन के आधार पर अगली ICC अपडेट में फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ेंः FIFA ने जर्मनी के गोल को किया था रद्द, अब दी ये सफाई

संबंधित समाचार