Sreesanth Ban Revoked: 3 साल बाद श्रीसंत पर से हटा बैन, KCA ने बिना शर्त माफी के बाद लिया बड़ा फैसला
लखनऊः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को बड़ी राहत मिली है। केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने उन पर लगाया गया तीन वर्ष का प्रतिबंध समाप्त करने का फैसला किया है। यह निर्णय 1 जुलाई 2026 को आयोजित एसोसिएशन की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में सर्वसम्मति से लिया गया।
श्रीसंत पर यह प्रतिबंध उस समय लगाया गया था, जब उन्होंने कथित तौर पर विजुअल और सोशल मीडिया के माध्यम से ऐसी टिप्पणियां की थीं, जिन्हें केरल क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी छवि के लिए अपमानजनक माना था। इस कार्रवाई को उन्होंने तिरुवनंतपुरम मुंसिफ कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।
बिना शर्त माफी के बाद मिली राहत
अदालत के फैसले के बाद श्रीसंत ने केसीए के खिलाफ दिए गए अपने बयानों पर बिना शर्त आधिकारिक माफी मांगी। एसोसिएशन की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में उनकी माफी पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया।
हालांकि, केसीए ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में इस तरह का कोई व्यवहार दोहराया गया तो उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
केरल क्रिकेट लीग में जारी रहेगी भूमिका
प्रतिबंध हटने के बाद श्रीसंत अब केरल क्रिकेट लीग (KCL) सीजन-3 में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि एसोसिएशन ने पिछले केसीएल सीजन से पहले उन पर प्रतिबंध लगाया था।
भारतीय क्रिकेट में रहा अहम योगदान
एस. श्रीसंत भारत की टी20 विश्व कप 2007 और वनडे विश्व कप 2011 विजेता टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2005 से 2011 के बीच भारत के लिए 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 87, वनडे में 75 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 7 विकेट हासिल किए।
यह भी पढ़ेंः ICC T20 Rankings में बड़ा उलटफेर: ईशान किशन बने नंबर-1 बल्लेबाज, अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर खिसके
