Ayodhya News: 79 साल बाद बिजली से रोशन होगा बांस गांव, पॉवर कॉर्पोरेशन की टीम ने किया सर्वे, ग्रामीणों से जानीं समस्याएं
विधायक रामचंद्र ने दिए जल्द काम पूरा करने के निर्देश
मवई/अयोध्या, अमृत विचार : 79 वर्षों से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित ग्राम पंचायत लोहटी के मजरे नयापुरवा स्थित बांस गांव में आखिरकार विद्युतीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पॉवर कॉर्पोरेशन की टीम बुधवार को गांव पहुंची और मौके पर सर्वे किया। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को जल्द विद्युतीकरण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता रोहित जैन सहित टीम ने पूरे गांव का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बिजली के खंभे लगाने, विद्युत लाइन बिछाने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए सर्वे किया।
विधायक रामचंद्र यादव ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर गांव में बिजली के खंभे लगाए जाएं और विद्युत आपूर्ति शुरू कराई जाए। कहा कि बांस गांव के ग्रामीणों को लंबे समय से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिल पा रही थी। मामला संज्ञान में पॉवर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया। अधिकारियों को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया है।
ग्रामीणों ने जताई खुशी, कहा- वर्षों से अंधेरे में था गांव
ग्रामीण राजकुमार और श्यामलाल ने खुशी जताते हुए कहा कि वर्षों से गांव अंधेरे में था। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था। अब विभागीय अधिकारियों के गांव पहुंचने और सर्वे शुरू होने से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि ,सदल प्रसाद निषाद, अजय शुक्ला, सोनू निषाद, प्रधान देवीदीन गौतम, घनश्याम गौतम, सुभाष निषाद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
