Rampur News : 28 से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 3.74 लाख बच्चे पिएंगे दवा
0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो खुराक
रामपुर, अमृत विचार। जिले में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान चलेगा और 3.74 लाख जन्म से लेकर 5 वर्ष तक आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा दस्तक अभियान के क्रियान्वयन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक हुई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का संचालन 1 जुलाई से 31 जुलाई तक जबकि, दस्तक अभियान का संचालन 11 जुलाई से 31 जुलाई तक होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान नाले-नालियों की नियमित सफाई कराई जाएगी, लार्वारोधी रसायनों का छिड़काव किया जाएगा तथा लोगों को उथले हैंडपंपों का पानी न पीने के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। जिले में पल्स पोलियो अभियान का संचालन 28 जून से 6 जुलाई तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 28 जून को बूथ दिवस आयोजित होगा, जबकि 29 जून से 6 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाएंगी। अभियान के तहत जनपद में कुल 3,74,420 बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो की वैक्सीन पीने से वंचित न रहे।
