Gonda News: हाइड्रोसील ऑपरेशन के 24 घंटे के भीतर मरीज की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा, अमृत विचार: नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित गायत्री अस्पताल में हाइड्रोसील के ऑपरेशन के करीब 24 घंटे बाद 65 वर्षीय मरीज की मौत हो जाने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

आवास विकास कॉलोनी निवासी रवि प्रकाश ने बताया कि उन्होंने 25 जून की सुबह अपने पिता पीतांबर प्रसाद को इलाज के लिए गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच के बाद डॉक्टर मनोज मिश्रा ने हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने की सलाह दी। परिजनों का कहना है कि आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज की बात कहकर गुरुवार शाम करीब सात बजे मरीज को ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया और उनकी अनुमति अथवा किसी भी परिजन के हस्ताक्षर लिए बिना ऑपरेशन कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन के लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पीतांबर प्रसाद की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्होंने तत्काल डॉक्टर मनोज मिश्रा को बुलाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि डॉक्टर मरीज को देखने नहीं पहुंचे। इसी दौरान पीतांबर प्रसाद की मौत हो गई।

आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में काटा हंगामा

मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए डॉक्टर मनोज मिश्रा और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही तथा बिना सहमति ऑपरेशन करने का आरोप लगाया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।हंगामे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वहीं, गायत्री अस्पताल के चिकित्सक मनोज मिश्रा ने बताया कि इलाज में लापरवाही का आरोप निराधार है परिजनों के कहने पर ही ऑपरेशन किया गया था। अस्पताल की ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है।

संबंधित समाचार