Barabanki News: बाराबंकी में शराब ठेके के बाहर रिवॉल्वर लहराकर युवक को धमकाया, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

देवा, बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र में अंग्रेजी शराब ठेके के बाहर मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर बाइक सवार को धमकाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ ही ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर स्कॉर्पियो वाहन सीज कर दिया है।

बाइक हटाने पर विवाद

जानकारी के अनुसार, देवा-बाराबंकी मार्ग स्थित इस्माइलपुर अंग्रेजी शराब ठेके के बाहर गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे पलटा गांव निवासी अजय कुमार कनौजिया अपनी बाइक खड़ी किए हुए थे। इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो से पहुंचे एक युवक ने बाइक हटाने को कहा। बाइक हटाने में कुछ देर होने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार युवक ने कमर से अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और उसे धमकाने लगा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सीसीटीवी में कैद घटना

घटना की पूरी तस्वीर शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुकदमा दर्ज, वाहन सीज

इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए स्कॉर्पियो वाहन की पहचान कर उसे सीज कर दिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान भी कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें:- Barabanki News: तनुज पुनिया बोले- सामाजिक न्याय और आरक्षण के जनक थे शाहू जी महाराज

संबंधित समाचार