Rampur News : कोर्ट मैरिज के बाद पति ने विवाहिता को अपनाने से किया इंकार

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मारपीट कर गर्भपात कराने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज

पटवाई, अमृत विचार। थाना पटवाई क्षेत्र के एक गांव में कोर्ट मैरिज के बाद विवाहिता को अपनाने से इंकार करने, उसके साथ मारपीट कर गर्भपात कराने मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास-ससुर समेत कई ससुरालियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम मथुरापुर कला निवासी पीड़िता वीरवती पुत्री राजेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि करीब 5 माह पहले उसने गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर में राज कुमार नाम के युवक से कोर्ट मैरिज की थी। राज कुमार ने उससे वादा किया था कि वह अभी कोर्ट मैरिज कर रहे हैं और बाद में घर जाकर पारंपरिक तरीके से शादी कर लेंगे। इसके बाद आरोपी लगातार पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। लेकिन जब पीड़िता ने घर ले जाने और सामाजिक रूप से शादी करने का दबाव बनाया, तो राज कुमार और उसके परिजनों ने साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि परिजनों ने राज कुमार को कहीं बाहर छिपा दिया है।

पीड़िता का आरोप है कि वह करीब 4 माह की गर्भवती थी। जब वह 16 अप्रैल 2026 को इस संबंध में बात करने राज कुमार के घर पहुंची, तो वहां मौजूद ससुर धर्मपाल, सास श्याम कली, ननद रेखा व आरती और जेठ अजय, विजय व सतपाल ने उसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर सभी आरोपियों ने उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस मारपीट के कारण पीड़िता के पेट में पल रहा चार माह का बच्चा गर्भ में ही खत्म हो गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके जेठ सतपाल और अजय ने उसके साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें कीं। जिसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए पहले महिला थाना रामपुर में शिकायती पत्र दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से संबंधित थाना पटवाई में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

संबंधित समाचार