Pro Boxing League: महिला मुक्केबाजों पर लगी रिकॉर्ड बोली, 6 जुलाई से दिल्ली में होगा रोमांचक आगाज

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली। प्रो बॉक्सिंग लीग के लिए हुए खिलाड़ियों के ऑक्शन में इस बार महिला मुक्केबाजों की सबसे ज्यादा चर्चा रही। सिल्वर मेडल विजेता प्रीति, एशियन यूथ पदक विजेता कोमलप्रीत कौर और बनारस ट्रॉफी की गोल्ड मेडलिस्ट रानी देवी पर टीमों ने जमकर बोली लगाई। प्रो बॉक्सिंग लीग का आयोजन 6 से 10 जुलाई तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।

इस वर्ष आंध्र प्रदेश और संगरूर (पंजाब) में आयोजित प्रतियोगिताओं में सिल्वर मेडल जीतने वाली प्रीति को पंजाब पिंड पहलवान ने सबसे बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। वहीं, बनारस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतने वाली रानी देवी को मुम्बई मुक्केबाज़ टीम ने अपने साथ जोड़ा।

एशियन यूथ बॉक्सिंग की पदक विजेता कोमलप्रीत कौर को मध्य महायोद्धा ने अपनी टीम का हिस्सा बनाया। वहीं, एसजीएफआई नेशनल बॉक्सिंग और पद्मश्री कौर सिंह मेमोरियल ट्रॉफी में गोल्ड जीतने वाले पर्व को पंजाब पिंड पहलवान ने चुना। इसके अलावा हनी ओलिवान को ईस्टर्न योद्धा, जबकि यशपाल और रॉबिन सिवाच को मध्य महायोद्धा ने बड़ी बोली के साथ अपनी टीम में शामिल किया।

इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) के अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन वाराणसी (उत्तर प्रदेश), गोलाघाट (असम) और संगरूर (पंजाब) में आयोजित प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन के आधार पर ऑक्शन पूल में किया गया था। इसी पूल से टीमों के कोचों ने खिलाड़ियों का चयन किया।

उन्होंने बताया कि मध्य महायोद्धा टीम का गठन कोच संदीप मलिक की अगुवाई में हुआ, जबकि पंजाब पिंड पहलवान के लिए जसप्रीत सिंह, ईस्टर्न योद्धा के लिए राजीव गोदारा और मुम्बई मुक्केबाज़ के लिए वर्धमान सिंह एवं रोहिताश सिंह तोमर ने अपनी-अपनी टीमों का चयन किया।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक टीम में पांच पुरुष और तीन महिला मुक्केबाजों को शामिल किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार लीग में दर्शकों को कई नए इनोवेशन देखने को मिलेंगे।

शाश्वत भारत इंफ्रो सोल्यूशंस के निदेशक शशिकांत मिश्र ने कहा कि बुक माई शो और उनकी प्रोफेशनल टीम प्रसारण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। लीग का सीधा प्रसारण 6 से 10 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।

आईएबीएफ के महासचिव राकेश ठाकरान ने कहा कि यह लीग भारतीय मुक्केबाजों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। वहीं, प्रसिद्ध टीवी कमेंटेटर मनोज जोशी ने ऑक्शनर की जिम्मेदारी निभाई।

टीमों की पूरी सूची

मध्य महायोद्धा

अमन अली, रोहित, यशपाल, रॉबिन सिवाच, दीपक शर्मा, आरज़ू, शिवानी, कोमलप्रीत कौर।
कोच: संदीप मलिक।

ईस्टर्न योद्धा

हनी ओलिवान, अक्षय चहल, अंकित कुमार, प्रवीण कुमार, हर्ष गिल, आकांक्षा, आंचल, सुनीता।
कोच: राजीव गोदारा।

पंजाब पिंड पहलवान

देवेंद्र सिंह सोलंकी, सूरज प्रताप सिंह, आदित्य राज, पर्व, बिक्रमजीत सिंह, चंचल कुमारी, अर्शदीप कौर, प्रीति।
कोच: जसप्रीत सिंह।

मुम्बई मुक्केबाज़

निर्मल, ध्रुव गुज्जर, अमन दुहान, कपिल शर्मा, देवेंद्र मुक्कर, आरती, रानी देवी, संजना देवी।
कोच: वर्धमान सिंह और रोहिताश सिंह तोमर।

संबंधित समाचार